नई दिल्ली। 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान आयोजित iBRICS 2026 के मंच पर सांसद श्री नवीन जिन्दल को प्रतिष्ठित ‘GOOD Fellow Award’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान Sovereign Wealth Fund Institute (SWFI) की ओर से प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सांसद नवीन जिन्दल ने वैश्विक अर्थव्यवस्था, जन-कल्याण, युवाओं और उद्यमिता से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए।
आगामी वर्षों में वैश्विक अर्थव्यवस्था में BRICS की अहम भूमिका
नवीन जिन्दल ने कहा कि आने वाले 20 वर्षों में BRICS देश वैश्विक अर्थव्यवस्था को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत इस प्रगति का नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह सक्षम है और वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है।
जन-कल्याण को बताया वास्तविक विकास का आधार
सांसद ने कहा कि केवल आर्थिक आंकड़ों के आधार पर विकास का आकलन नहीं किया जाना चाहिए। वास्तविक विकास वही है, जिससे आम लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आए और समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास का लाभ मिले।
उन्होंने जन-कल्याण को वास्तविक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए आर्थिक प्रगति को लोगों के जीवन में होने वाले बदलाव से जोड़ने पर जोर दिया।
युवाओं और उद्यमियों को दिया सफलता का मंत्र
नवीन जिन्दल ने युवाओं और उद्यमियों को आगे बढ़ने के लिए जोखिम लेने, पूरी लगन से मेहनत करने, बेहतरीन टीम बनाने और नेतृत्व की भूमिका निभाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका सामना करने और आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
SWFI का जताया आभार
सांसद कार्यालय की ओर से इस सम्मान के लिए SWFI के चेयरमैन श्री लक्ष्मी नारायणन और उनकी पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यालय ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल को मिला यह सम्मान उनके विचारों, नेतृत्व और जनहित से जुड़े दृष्टिकोण को वैश्विक मंच पर मिली पहचान को दर्शाता है।




Leave a Reply