“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में शुरू होगा ‘नवीन स्वच्छता अभियान’, इंदौर मॉडल का अध्ययन करेगा 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल

कुरुक्षेत्र/कैथल, 9 अक्टूबर 2026। सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र को स्वच्छता के मामले में अग्रणी बनाने के उद्देश्य से ‘नवीन स्वच्छता अभियान’ शुरू किया जाएगा। इसी दिशा में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पुंडरी विधायक सतपाल जांबा के नेतृत्व में 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल इंदौर के प्रसिद्ध स्वच्छता मॉडल का अध्ययन करने के लिए नई दिल्ली से रवाना हुआ। प्रतिनिधिमंडल सांसद नवीन जिन्दल के निजी विमान से इंदौर पहुंचकर वहां की स्वच्छता व्यवस्था और कचरा प्रबंधन प्रणाली का अध्ययन करेगा।

इस अध्ययन यात्रा का उद्देश्य कुरुक्षेत्र, कैथल और रादौर क्षेत्र में स्वच्छता, जनभागीदारी और बेहतर नागरिक सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करना है। प्रतिनिधिमंडल में नवीन जिन्दल फाउंडेशन के सदस्य, नगर पालिकाओं और नगर निगम के चेयरमैन सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं।

इंदौर के स्वच्छता मॉडल और कचरा प्रबंधन का अध्ययन करेगा दल

इंदौर प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल शहर की स्वच्छता व्यवस्था, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरा प्रबंधन, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और स्वच्छता जागरूकता अभियानों का प्रत्यक्ष अवलोकन करेगा।

इसके साथ ही स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों, स्वच्छता विशेषज्ञों और जनप्रतिनिधियों से संवाद कर यह समझने का प्रयास किया जाएगा कि इंदौर ने किस प्रकार स्वच्छता को केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी तक सीमित न रखकर जनभागीदारी से एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप दिया है।

इस अध्ययन से प्राप्त अनुभवों के आधार पर कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के लिए व्यावहारिक कदम सुझाए जाएंगे।

नवीन जिन्दल की पहल पर आयोजित हुई अध्ययन यात्रा

पुंडरी विधायक सतपाल जांबा ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल ने पहले जिला निगरानी एवं समन्वय समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को इंदौर का अध्ययन दौरा करवाने का आश्वासन दिया था। इसी प्रतिबद्धता को पूरा करने के लिए यह प्रतिनिधिमंडल इंदौर भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि इंदौर से लौटने के बाद प्रतिनिधिमंडल एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगा। इसमें इंदौर की सफल स्वच्छता व्यवस्था, कचरा प्रबंधन के प्रभावी तरीकों और कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में इन व्यवस्थाओं को लागू करने के व्यावहारिक सुझाव शामिल होंगे।

कुरुक्षेत्र, कैथल और रादौर को स्वच्छता में अग्रणी बनाने का लक्ष्य

विधायक सतपाल जांबा के अनुसार, सांसद नवीन जिन्दल का विजन धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र, कैथल और रादौर को स्वच्छता के क्षेत्र में हरियाणा का अग्रणी क्षेत्र बनाना है। इंदौर दौरे से मिलने वाले अनुभवों के आधार पर सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में ‘नवीन स्वच्छता अभियान’ की शुरुआत की जाएगी।

इस अभियान में जनभागीदारी को विशेष महत्व दिया जाएगा, ताकि स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़े और स्वच्छ वातावरण बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बने।

नवीन स्वच्छता अभियान का उद्देश्य बेहतर कचरा प्रबंधन, स्वच्छ सार्वजनिक स्थानों, नागरिक सुविधाओं में सुधार और सामूहिक भागीदारी के माध्यम से कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में स्वच्छता की स्थायी व्यवस्था विकसित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *