“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कुरुक्षेत्र के युवाओं के लिए जापान में रोजगार के नए अवसर, नवीन जिन्दल की पहल पर होगा ‘जापान करियर कनेक्ट’

कुरुक्षेत्र, 4 अक्टूबर 2026। कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर ‘कुरुक्षेत्र-जापान करियर कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। नवीन जिन्दल फाउंडेशन और जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन ऑफ वेल्फेयर सर्विसेज के सहयोग से होने वाले इस कार्यक्रम में जापान से विशेष प्रतिनिधिमंडल कुरुक्षेत्र पहुंचेगा और युवाओं से सीधे संवाद करेगा।

5 अक्टूबर को होगा कुरुक्षेत्र-जापान करियर कनेक्ट

‘कुरुक्षेत्र-जापान करियर कनेक्ट’ कार्यक्रम 5 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के एम.वी. ऑडिटोरियम, यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में आयोजित होगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को जापान में उपलब्ध रोजगार के अवसरों, जरूरी कौशल, जापानी भाषा के महत्व और विदेश में रोजगार हासिल करने की तैयारी के बारे में जानकारी देना है।

जापान में नौकरी के लिए जरूरी कौशल की मिलेगी जानकारी

कार्यक्रम में जापान से आया विशेष प्रतिनिधिमंडल विद्यार्थियों और युवाओं के साथ संवाद करेगा। विशेषज्ञ बताएंगे कि जापान में रोजगार हासिल करने के लिए युवाओं में किन कौशलों की जरूरत होती है और जापानी भाषा का ज्ञान करियर के अवसरों को किस तरह बढ़ा सकता है।

युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। इनमें नर्सिंग केयर, निर्माण, मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रिकल-इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, कृषि, फूड सर्विस और होटल इंडस्ट्री जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

वैश्विक रोजगार बाजार से युवाओं को जोड़ने पर जोर

नवीन जिन्दल फाउंडेशन स्किल डेवलपमेंट के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. मनीष मिश्रा ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल का विजन है कि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के युवा रोजगार के अवसरों का इंतजार करने के बजाय अपने कौशल के दम पर देश और दुनिया में नए अवसर हासिल करें।

उन्होंने कहा कि इसी सोच के तहत नवीन अवसर के माध्यम से युवाओं को आधुनिक कौशल, व्यावसायिक प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय रोजगार की संभावनाओं से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। ‘कुरुक्षेत्र-जापान करियर कनेक्ट’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

स्किल और विदेशी भाषा का ज्ञान रोजगार में बनेगा मददगार

डॉ. मनीष मिश्रा ने कहा कि बदलते वैश्विक रोजगार बाजार में केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं है। युवाओं के लिए तकनीकी कौशल, व्यावसायिक प्रशिक्षण और विदेशी भाषाओं का ज्ञान रोजगार के नए रास्ते खोल सकता है।

नवीन जिन्दल फाउंडेशन का उद्देश्य कुरुक्षेत्र क्षेत्र के युवाओं की शिक्षा और हुनर को अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसरों से जोड़ना है, ताकि वे भारत के साथ-साथ विदेशों में भी बेहतर करियर बना सकें।

जापानी प्रतिनिधिमंडल करेगा कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर का दौरा

कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर के उपप्रबंधक अभिषेक सहगल ने बताया कि ‘जापान करियर कनेक्ट’ कार्यक्रम के बाद जापान से आया प्रतिनिधिमंडल कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर का दौरा करेगा।

इसके बाद जापानी प्रतिनिधिमंडल पत्रकार वार्ता को भी संबोधित करेगा। पत्रकार वार्ता के माध्यम से सांसद नवीन जिन्दल की इस पहल और युवाओं के लिए जापान में रोजगार तथा कौशल विकास से जुड़े अवसरों की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

युवाओं तक पहुंचाई जाएगी जापान में रोजगार की जानकारी

कार्यक्रम के दौरान नवीन जिन्दल फाउंडेशन की ओर से रोहतक के पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, सांसद नवीन जिन्दल के संसदीय कार्यालय प्रभारी एवं पूर्व आईएएस धर्मवीर सिंह, यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक डॉ. सुनील ढींगरा तथा कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर के अधिकारी जापानी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करेंगे।

इस पहल से कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के युवाओं को जापान में रोजगार, कौशल विकास और अंतरराष्ट्रीय करियर की संभावनाओं की सीधी जानकारी मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *