“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में सेवा संकल्प अभियान के तहत पांच लाख से अधिक आशीर्वाद के दीये जलाए

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिलेभर में होंगे सेवा, जनकल्याण, जागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम

कैथल, 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हरियाणा सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कैथल जिले में वीरवार शाम पांच लाख से अधिक आशीर्वाद के दीये जलाए गए। लघु सचिवालय परिसर में उपायुक्त अपराजिता की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में दीप प्रज्वलित कर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया।

सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान जिले में सेवा, जनकल्याण, जागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना, पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना और सेवा एवं जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना है।

जिलेभर में पांच लाख से अधिक दीये जलाए गए

सेवा संकल्प अभियान के तहत कैथल जिले के विभिन्न स्थानों पर आशीर्वाद के दीये जलाए गए। जिले के सभी बूथों, धार्मिक स्थलों, सरकारी कार्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों, पिछले 12 वर्षों में निर्मित सरकारी भवनों, सरकारी प्रोजेक्ट्स और विकास कार्य स्थलों पर लोगों ने दीये जलाए।

इसके अलावा भगवान परशुराम मेडिकल कॉलेज, महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय, हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे, 152-डी हाईवे, नए राजकीय कॉलेजों, श्री ग्यारह रुद्री शिव मंदिर, हॉकी स्टेडियम सहित खेल परिसरों, नए बिजलीघरों, अमृत सरोवरों, बीडीपीओ कार्यालयों, जिला अस्पताल एवं अन्य स्वास्थ्य परिसरों और नए सरकारी स्कूलों में भी आशीर्वाद के दीये जलाए गए।

लघु सचिवालय में डीसी अपराजिता ने किया शुभारंभ

लघु सचिवालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त अपराजिता ने सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा और आगामी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक अलग-अलग विभागों के समन्वय से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान विभाग अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित योजनाओं, सेवाओं और गतिविधियों के माध्यम से आमजन से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। सामाजिक, धार्मिक और शैक्षणिक संस्थाओं सहित विभिन्न वर्गों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के नोडल अधिकारी एवं एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर एसडीएम संजय कुमार, तहसीलदार रविंद्र हुड्डा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

भाई उदय सिंह किले में हुआ भव्य कार्यक्रम

कैथल के ऐतिहासिक भाई उदय सिंह किला परिसर में भी सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि पूर्व विधायक लीला राम विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।

ज्योति सैनी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को सेवा, सामाजिक सरोकार और जनभागीदारी से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके लाभार्थियों की जानकारी दी जा रही है।

पूर्व विधायक लीला राम ने कहा कि सेवा और समाज के प्रति जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने लोगों से अभियान के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने आशीर्वाद के दीये जलाए।

पुण्डरीक तीर्थ पर विधायक सतपाल जांबा की अगुवाई में जले दीये

पूंडरी के पुण्डरीक तीर्थ पर विधायक सतपाल जांबा की अगुवाई में आशीर्वाद के दीये जलाए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने का उल्लेख करते हुए सेवा संकल्प अभियान में लोगों से भागीदारी करने का आह्वान किया।

कलायत के कपिल मुनि तीर्थ पर भी हुआ आयोजन

कलायत के महर्षि कपिल मुनि तीर्थ परिसर में पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा की अगुवाई में आशीर्वाद के दीये जलाए गए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने का उल्लेख करते हुए सेवा संकल्प अभियान की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से सेवा, जनकल्याण और जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

गुहला-चीका में भी विभिन्न स्थानों पर जलाए गए दीये

गुहला-चीका क्षेत्र में भी सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न प्रतिष्ठित स्थानों और सरकारी कार्यालयों में आशीर्वाद के दीये जलाए गए।

पूर्व विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर की अगुवाई में सिद्धपीठ ज्वाला माता मंदिर, सलेमपुर में दीये जलाए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

नगर पालिका चेयरपर्सन डॉ. रेखा रानी ने गांव चक्कू लदाना के राजकीय महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में लोगों के साथ दीये प्रज्वलित किए।

खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय परिसर में ब्लॉक समिति चेयरपर्सन सुखविंदर कौर ने कार्यालय के स्टाफ के साथ आशीर्वाद के दीये जलाए। इस अवसर पर बीडीपीओ नरेंद्र दीक्षित, जगतार माजरी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

राजकीय कॉलेज चीका में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रवि तरावली ने भी आशीर्वाद का दीया जलाया।

इस प्रकार जिलेभर में धार्मिक स्थलों, सरका neरी संस्थानों, विकास परियोजनाओं, शिक्षण संस्थानों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पांच लाख से अधिक दीये जलाकर सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की गई। आगामी एक माह के दौरान जिले में सेवा, जनकल्याण और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *