“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में संत सत्यानंद जी महाराज के जन्मदिवस पर विशाल भंडारा, साईं की रसोई ने बांटा प्रसाद


कैथल, 27 सितंबर 2026। परम पूज्य श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी सत्यानंद महाराज जी के पावन जन्मदिवस की स्मृति में रविवार को श्री साईं रसोई सेवा समिति (रजि.), कैथल की ओर से हनुमान मंदिर के बाहर, पार्क रोड पर श्रद्धा और सेवा भाव के साथ विशाल भंडारे एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान समिति की ओर से तैयार किया गया शुद्ध एवं सात्विक कढ़ी-चावल का प्रसाद श्रद्धालुओं, राहगीरों और आमजन में श्रद्धापूर्वक वितरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया और स्वामी सत्यानंद महाराज जी की पावन स्मृतियों को नमन किया।
मानवता की सेवा ही सबसे बड़ी पूजा : प्रिया ठकराल
साईं रसोई सेवा समिति की अध्यक्ष प्रिया ठकराल ने कहा कि साईं बाबा और संत सत्यानंद जी महाराज ने सदैव मानवता की सेवा, प्रेम और जरूरतमंदों की सहायता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है और इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए संस्था लंबे समय से जरूरतमंद एवं गरीब लोगों की सेवा में जुटी हुई है।
उन्होंने बताया कि समिति द्वारा समय-समय पर बड़े भंडारे आयोजित किए जाते हैं। इसके अलावा झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले जरूरतमंद बच्चों को किताबें, कपड़े, मिठाइयां तथा त्योहारों के अवसर पर पटाखे, रंग और अन्य आवश्यक सामग्री भी वितरित की जाती है, ताकि गरीब बच्चे भी त्योहारों की खुशियां मना सकें।
हर वीरवार हनुमान मंदिर के बाहर भंडारा
प्रिया ठकराल ने बताया कि साईं की रसोई संस्था द्वारा अब हर वीरवार दोपहर हनुमान मंदिर के बाहर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य जरूरतमंदों और आमजन तक सेवा एवं प्रसाद पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि संत सत्यानंद जी महाराज ने लोगों को साईं बाबा के बताए मार्ग पर चलने, मानवता की सेवा करने और किसी भी जीव-जंतु का दिल न दुखाने की प्रेरणा दी। प्रत्येक व्यक्ति को जरूरतमंद और बेसहारा लोगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।
नायरा ने भी भंडारे में की सेवा
भंडारे के दौरान प्रिया ठकराल की छोटी बेटी नायरा ने भी सेवा कार्य में भाग लिया। नायरा ने कहा कि “सेवा परमो धर्म है” और हमें साईं बाबा के बताए मार्ग पर चलते हुए जरूरतमंद लोगों की सहायता करनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय और सेवा भाव से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं और समिति के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर सेवा कार्य में सहयोग किया। श्री साईं रसोई सेवा समिति कैथल ने कहा कि संस्था भविष्य में भी सेवा और प्रसाद वितरण के माध्यम से जरूरतमंदों तक प्रेम, सहयोग और समर्पण का संदेश पहुंचाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *