“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

गांधी जयंती पर सांसद नवीन जिन्दल का संदेश, बोले- बापू के विचारों को जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि

कैथल, 2 अक्टूबर। गांधी जयंती के अवसर पर सांसद नवीन जिन्दल ने देशवासियों से महात्मा गांधी के विचारों और आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन करते हुए स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और कौशल आधारित समाज के उनके विचारों को आज भी प्रासंगिक बताया।

जिन्दल हाउस कैथल में गांधी और शास्त्री को दी श्रद्धांजलि

सांसद नवीन जिन्दल के कैथल स्थित कार्यालय जिन्दल हाउस में महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यालय में उपस्थित लोगों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

इस दौरान सांसद नवीन जिन्दल द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर जारी किया गया वीडियो संदेश भी उपस्थित लोगों को दिखाया गया।

स्वदेशी और आत्मनिर्भरता की नींव बापू ने दशकों पहले रखी: नवीन जिन्दल

अपने वीडियो संदेश में सांसद नवीन जिन्दल ने कहा कि महात्मा गांधी ने केवल विचार नहीं दिए, बल्कि उन्हें अपने जीवन में उतारकर भी दिखाया। उन्होंने कहा कि बापू का संदेश था कि व्यक्ति को स्वयं वह बदलाव बनना चाहिए, जो वह दुनिया में देखना चाहता है।

नवीन जिन्दल ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वदेशी, गांवों की आत्मनिर्भरता और हर हाथ को हुनर देने की बात की थी। आज देश में मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों पर काम हो रहा है, लेकिन इन विचारों की नींव महात्मा गांधी ने दशकों पहले रख दी थी।

उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार कभी पुराने नहीं होंगे। जरूरत इस बात की है कि हम उनके विचारों को केवल भाषणों और आयोजनों तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने रोजमर्रा के जीवन में अपनाएं।

गांधी और शास्त्री का जीवन देशसेवा की प्रेरणा: रविन्द्र धीमान

इस अवसर पर कैथल कार्यालय प्रभारी रविन्द्र धीमान ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन देशसेवा, सादगी, आत्मनिर्भरता और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों को केवल स्मरण करना पर्याप्त नहीं है। उनके विचारों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *