“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में पराली जलाने वालों पर पुलिस की सख्ती, अब तक 18 मामले दर्ज: डीएसपी रमेश चंद्र

किसानों से डीएसपी की अपील- धान के फसल अवशेषों को आग लगाने की बजाय कृषि यंत्रों से करें प्रबंधन, पर्यावरण बचाने में दें सहयोग

कैथल, 10 नवंबर 2026। जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जिला पुलिस द्वारा लगातार किसानों को जागरूक किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार सभी डीएसपी और थाना प्रबंधकों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों के गांवों और कस्बों में मौजिज व्यक्तियों के माध्यम से किसानों को फसल अवशेष नहीं जलाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

डीएसपी रमेश चंद्र ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि धान की फसल के अवशेषों को आग न लगाएं, बल्कि कस्टम हायरिंग सेंटरों और फसल अवशेष प्रबंधन के लिए उपलब्ध कृषि यंत्रों की सहायता से पराली का उचित प्रबंधन करें। किसान फसल अवशेषों को मिट्टी में मिलाकर भूमि की उपजाऊ शक्ति बनाए रखने के साथ-साथ पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा पराली जलाने वाले किसानों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। फसल अवशेष जलाने का दोषी पाए जाने वाले किसानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में जिले में अब तक 18 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

डीएसपी रमेश चंद्र ने स्पष्ट किया कि पराली जलाने से पर्यावरण प्रदूषित होता है और भूमि की उर्वरता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए किसान फसल अवशेषों को आग लगाने से बचें और पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई किसान फसल अवशेष जलाता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।