कैथल, 9 नवंबर 2026। कैथल के किसान भवन में कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, विधायक आदित्य सुरजेवाला और सुदीप सुरजेवाला ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के साथ दीपावली मिलन समारोह धूमधाम से मनाया। हरियाणा के विभिन्न जिलों से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुरजेवाला परिवार को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। समारोह में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को त्योहार की बधाई देते हुए प्रदेश की खुशहाली और उन्नति का संकल्प लिया।
रणदीप सुरजेवाला और आदित्य सुरजेवाला ने दी दीपावली की शुभकामनाएं
कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला और विधायक आदित्य सुरजेवाला ने देश एवं प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में नई खुशियां, तरक्की और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं और आमजन से अपील की कि दीपावली के अवसर पर आपसी भेदभाव और द्वेषभाव भुलाकर प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश फैलाएं। साथ ही गरीब बच्चों को कुपोषण से बचाने, सामाजिक भेदभाव मिटाने और जरूरतमंदों की मदद करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
छोटे उद्योगों की बिजली सब्सिडी बंद करने पर भाजपा सरकार को घेरा
दीपावली मिलन समारोह के दौरान रणदीप सिंह सुरजेवाला और आदित्य सुरजेवाला ने हरियाणा की मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि धनतेरस और दीपावली के अवसर पर प्रदेश सरकार ने छोटे उद्योगों और उद्यमियों को राहत देने के बजाय सब्सिडी बंद करने और पहले दी गई सब्सिडी की वसूली का तोहफा दिया है।
सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा में छोटे उद्योगों को बिजली बिल पर मिलने वाली 2 रुपये प्रति यूनिट की सब्सिडी बंद कर दी गई है। इतना ही नहीं, 29 जुलाई 2026 से अब तक दी गई सब्सिडी की राशि भी आगामी बिजली बिलों के माध्यम से वसूलने का आदेश जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं, जबकि दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) की ओर से भी इसी तरह का आदेश जारी किए जाने की बात कही गई है।
20 किलोवाट तक के औद्योगिक कनेक्शन होंगे प्रभावित
रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि सरकार के इस फैसले का सीधा असर सी और डी श्रेणी के ब्लॉकों में संचालित उन औद्योगिक इकाइयों पर पड़ेगा, जिनके बिजली कनेक्शन 20 किलोवाट या उससे कम क्षमता के हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 से मिल रही बिजली सब्सिडी को अचानक बंद करना सूक्ष्म और लघु उद्योगों के लिए बड़ा झटका है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी टैरिफ, आर्थिक मंदी और महंगाई के कारण हरियाणा के उद्योग पहले ही मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। कई उद्योगों के सामने कारोबार बंद होने और रोजगार के अवसर घटने का संकट खड़ा है। ऐसे समय में सरकार को उद्योगों को राहत और प्रोत्साहन देना चाहिए था, लेकिन इसके विपरीत सब्सिडी बंद करके उद्यमियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया गया है।
निवेश के दावों पर भी उठाए सवाल
सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ सरकार प्रदेश में निवेश लाने के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी तरफ छोटे उद्योगों को मिलने वाली मामूली बिजली सब्सिडी भी समाप्त की जा रही है। उन्होंने इसे उद्योग और रोजगार विरोधी फैसला बताते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
समारोह में जिला कांग्रेस कमेटी, किसान कांग्रेस कमेटी, युवा कांग्रेस कमेटी, पंचायती राज संगठन, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, एससी सेल, बीसी सेल के पदाधिकारियों सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



