उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय सिविल सेवा फुटबॉल प्रतियोगिता 17 से 24 नवंबर 2026 तक गोवा में आयोजित होगी। प्रतियोगिता के मुकाबले अटल स्टेडियम, बाम्बोलिम और फातोर्दा में खेले जाएंगे। हरियाणा की टीम के गठन के लिए ट्रायल के माध्यम से बेहतरीन फुटबॉल खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
सरकारी अधिकारी और कर्मचारी ही ले सकेंगे ट्रायल में भाग
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि चयन ट्रायल में भाग लेने के लिए खिलाड़ी का हरियाणा राज्य के किसी सरकारी विभाग या कार्यालय में नियमित सरकारी अधिकारी अथवा कर्मचारी होना अनिवार्य है। प्रतिभागियों को अपने संबंधित विभाग या कार्यालय से प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। इसमें सरकारी अधिकारी या कर्मचारी होने के साथ-साथ फुटबॉल का उत्कृष्ट खिलाड़ी होने का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए।
विभागों को खिलाड़ियों को विशेष खेल अवकाश देने की अपील
राज रानी ने संबंधित विभागों एवं कार्यालयों के प्रमुखों से अपील की कि वे अपने यहां कार्यरत उत्कृष्ट फुटबॉल खिलाड़ियों को चयन ट्रायल में शामिल होने के लिए विशेष खेल अवकाश और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाएं, ताकि खिलाड़ी बिना किसी परेशानी के अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रायल में शामिल होने के लिए आने-जाने का यात्रा भत्ता एवं दैनिक भत्ता (टीए/डीए) संबंधित विभाग या खिलाड़ी स्वयं वहन करेगा। प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों की यात्रा का खर्च भी संबंधित विभाग अथवा खिलाड़ी को उठाना होगा। कर्मचारी अपने विभाग से नियमानुसार टीए/डीए प्राप्त कर सकते हैं।
इन कर्मचारियों को नहीं मिलेगा प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि रक्षा सेवाओं, अर्धसैनिक बलों, केंद्रीय पुलिस संगठनों तथा पुलिस, आरपीएफ, सीआईएसएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी और एनएसजी आदि के वर्दीधारी कर्मचारी इस प्रतियोगिता में भाग लेने के पात्र नहीं होंगे।
इसके अलावा स्वायत्त निकायों, उपक्रमों एवं सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कर्मचारी, आकस्मिक और दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी, अस्थायी ड्यूटी पर संबद्ध कर्मचारी तथा नियमित सेवा में छह माह से कम अवधि पूरी करने वाले नवनियुक्त कर्मचारी भी चयन ट्रायल में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।
