कैथल, 2 नवंबर। फसल अवशेष प्रबंधन समय की मांग है। पराली किसान के लिए बेकार अवशेष नहीं, बल्कि भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ाने का महत्वपूर्ण संसाधन है। फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करके मिट्टी में जैविक कार्बन की मात्रा बढ़ाई जा सकती है। यह बात चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के अधीन कृषि विज्ञान केंद्र कैथल के वैज्ञानिक एवं फसल अवशेष प्रबंधन प्रोजेक्ट के नोडल अधिकारी डॉ. अमित कुमार ने गांव वजीर नगर में आयोजित जागरूकता अभियान के दौरान कही।
डॉ. अमित कुमार ने किसानों को बताया कि कृषि योग्य भूमि की गुणवत्ता बनाए रखने और लगातार कम हो रही मिट्टी की उर्वरा शक्ति को पुनर्जीवित करने के लिए फसल अवशेषों का यथास्थान प्रबंधन जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसान पराली जलाने के बजाय आधुनिक कृषि मशीनों की मदद से खेत में ही फसल अवशेषों का प्रबंधन करें।
उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से अनुदान पर उपलब्ध करवाई जाने वाली सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, सरफेस सीडर, जीरो टिलेज मशीन, मल्चर, चॉपर और रोटावेटर जैसी मशीनों से फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन किया जा सकता है।
डॉ. अमित कुमार ने किसानों को धान की फसल की नियमित निगरानी करने की सलाह दी। साथ ही फसल में कीट एवं बीमारियों की रोकथाम के लिए हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय की सिफारिशों की विस्तार से जानकारी दी।
पराली जलाने से पर्यावरण और जमीन को होता है नुकसान: डॉ. जसबीर सिंह
कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. जसबीर सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि धान के फानों में आग लगाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है और वायु गुणवत्ता सूचकांक पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। पराली जलाने से निकलने वाला धुआं लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी नुकसानदायक है। इससे आंखों में जलन, सांस लेने में परेशानी और हृदय संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।
उन्होंने बताया कि पराली जलाने से पर्यावरण प्रदूषित होने के साथ-साथ जमीन में मौजूद मित्र कीट भी नष्ट हो जाते हैं, जिसका सीधा असर फसल की पैदावार पर पड़ता है। उन्होंने किसानों से फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन कर कृषि विश्वविद्यालय और जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
प्राकृतिक खेती और जैविक उत्पादों की मार्केटिंग की दी जानकारी
डॉ. जसबीर सिंह ने किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने प्राकृतिक उत्पादों की मार्केटिंग, कीटनाशक मुक्त सब्जियों और दूध उत्पादन के महत्व पर भी प्रकाश डाला। इसके साथ ही किसानों को स्वच्छ खान-पान अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रगतिशील किसान कश्मीर सिंह ने फसल अवशेष प्रबंधन को लेकर अपने अनुभव किसानों के साथ साझा किए। जागरूकता अभियान में क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।

