“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ, डीसी अपराजिता ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

डीसी अपराजिता बोलीं- खेल युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ स्वास्थ्य, अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ाने का सशक्त माध्यम | सांसद नवीन जिंदल ने खिलाड़ियों के लिए निर्धारित की 2 करोड़ रुपये की नकद इनामी राशि

कैथल, 2 नवंबर। सांसद खेल महोत्सव के तहत महाराजा सूरजमल जाट स्टेडियम में कैथल विधानसभा क्षेत्र की खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में डीसी अपराजिता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और प्रतियोगिताओं का विधिवत उद्घाटन करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर डीसी अपराजिता ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से शरीर स्वस्थ रहने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना, खेल भावना और आत्मविश्वास जैसे गुण विकसित होते हैं। खेल व्यक्ति को जीवन की चुनौतियों का सामना करने, हार से सीख लेने और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना बड़ी चुनौती है। ऐसे में बच्चों और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए खेलों से बेहतर कोई माध्यम नहीं है। खेल युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक दिशा देने के साथ उनमें मानसिक मजबूती और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं।

डीसी अपराजिता ने सांसद नवीन जिंदल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सांसद खेल महोत्सव जैसी पहल से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

खिलाड़ियों के लिए रखी गई 2 करोड़ रुपये की नकद इनामी राशि

सांसद कार्यालय प्रभारी रविन्द्र धीमान ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से देशभर में सांसद खेल महोत्सव की शुरुआत की गई थी। कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल के नेतृत्व में 31 अक्टूबर से कुरुक्षेत्र और कैथल में इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सांसद नवीन जिंदल की ओर से खिलाड़ियों के लिए कुल 2 करोड़ रुपये की नकद इनामी राशि निर्धारित की गई है। इसके अलावा प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को टी-शर्ट, कैप, खानपान और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

नौ विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित हो रहा सांसद खेल महोत्सव

रविन्द्र धीमान ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का आयोजन कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में किया जा रहा है। इसी कड़ी में कैथल विधानसभा क्षेत्र के खिलाड़ी पूरे उत्साह के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महोत्सव का मुख्य उद्देश्य गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना है, ताकि खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर अपने गांव, शहर और देश का नाम रोशन कर सकें।

कार्यक्रम में सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष भीमसेन अग्रवाल, नगर परिषद अध्यक्ष सुरभि गर्ग, एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार, सांसद कार्यालय प्रभारी रविन्द्र धीमान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कोच और खिलाड़ी मौजूद रहे।