कैथल, 21 सितंबर। वर्ल्ड स्किल प्रतियोगिता 2026 में भारतीय युवा अपने कौशल और तकनीकी प्रतिभा का वैश्विक मंच पर प्रदर्शन करेंगे। 22 से 27 सितंबर तक शंघाई में आयोजित होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में टीम स्किल इंडिया के करीब 70 युवा 63 कौशल श्रेणियों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। सांसद नवीन जिन्दल भारतीय युवा कौशल चैंपियनों का उत्साह बढ़ाने के लिए स्वयं शंघाई पहुंचेंगे।
भारत इस बार ड्रोन टेक्नोलॉजी, सॉफ्टवेयर टेस्टिंग और डेंटल प्रोस्थेटिक्स सहित 11 नई आधुनिक तकनीकी कौशल श्रेणियों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगा। इससे भारतीय युवाओं को वैश्विक स्तर पर अपनी तकनीकी दक्षता और हुनर दिखाने का अवसर मिलेगा।
जिन्दल स्टील आधिकारिक पार्टनर के रूप में निभा रहा भूमिका
भारतीय युवाओं की इस वैश्विक कौशल यात्रा में जिन्दल स्टील आधिकारिक पार्टनर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कौशल विकास, युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के क्षेत्र में सांसद नवीन जिन्दल लगातार सक्रिय रहे हैं।
सांसद नवीन जिन्दल ने वीडियो संदेश जारी कर टीम स्किल इंडिया के प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दुनिया के मंच पर भारतीय युवाओं का हुनर नई पहचान बनाएगा। भारतीय युवा अपनी प्रतिभा, तकनीकी दक्षता और मेहनत के दम पर दुनिया के विभिन्न मंचों पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
शंघाई पहुंचकर युवा चैंपियनों का बढ़ाएंगे हौसला
नवीन जिन्दल ने कहा कि वर्ल्ड स्किल प्रतियोगिता भारतीय युवाओं को वैश्विक स्तर पर अपनी कारीगरी और कौशल प्रदर्शित करने का शानदार अवसर देती है। उन्होंने कहा कि वह शंघाई पहुंचकर युवा चैंपियनों का हौसला बढ़ाने और वैश्विक मंच पर तिरंगे को लहराते देखने के लिए उत्सुक हैं।
उन्होंने कहा कि कौशल विकास केवल रोजगार का माध्यम नहीं है, बल्कि विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव है। विश्वस्तरीय कौशल प्रतियोगिताओं में भारतीय युवाओं की बढ़ती भागीदारी देश की नई ताकत और आत्मविश्वास को दर्शाती है।
वर्ल्ड स्किल प्रतियोगिता 2026 में भारतीय युवाओं की भागीदारी से देश के युवा कौशल, आधुनिक तकनीक और व्यावसायिक दक्षता को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।


Leave a Reply