“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

विश्व ओजोन दिवस पर कैथल में राज्य स्तरीय ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता, 11 कॉलेजों के 26 विद्यार्थियों ने लिया भाग


कैथल, 17 सितंबर 2026। इंदिरा गांधी (पी.जी.) महिला महाविद्यालय, कैथल के विज्ञान विभाग की ओर से ग्रीन एनर्जी एंड एनवायरनमेंट सेल के सहयोग से विश्व ओजोन दिवस के उपलक्ष्य में 16 सितंबर को राज्य स्तरीय ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को ओजोन परत के महत्व, ओजोन क्षरण के कारणों एवं प्रभावों तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
प्रतियोगिता में राज्य के लगभग 11 महाविद्यालयों के 26 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ऑनलाइन माध्यम से आयोजित इस क्विज के जरिए विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को पर्यावरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने ज्ञान का आकलन करने का अवसर मिला।
ओजोन परत संरक्षण के प्रति जागरूकता जरूरी : राम बहादुर खुरानिया
महाविद्यालय प्रबंध समिति के प्रधान श्री राम बहादुर खुरानिया ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ओजोन परत पृथ्वी पर जीवन की रक्षा करने में अहम भूमिका निभाती है। विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने और उनमें प्रकृति संरक्षण की भावना विकसित करने में इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करती हैं ऐसी प्रतियोगिताएं : डॉ. आरती गर्ग
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग ने कहा कि ओजोन परत का संरक्षण संपूर्ण मानवता की साझा जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को पर्यावरण से जुड़े वैश्विक मुद्दों की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों के ज्ञान में वृद्धि के साथ-साथ उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, पर्यावरणीय जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है।
पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान
सायंकालीन महाविद्यालय की प्राचार्या प्रभारी एवं हिंदी प्राध्यापिका श्रीमती श्वेता तवर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील होकर पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनानी चाहिए। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ओजोन परत, मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल से जुड़े सवाल पूछे गए
ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में ओजोन परत के महत्व, ओजोन क्षरण के कारणों एवं प्रभावों, ओजोन परत को नुकसान पहुंचाने वाले पदार्थों, मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल और ओजोन संरक्षण के लिए किए गए अंतरराष्ट्रीय प्रयासों से संबंधित प्रश्न शामिल किए गए। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को समझने का अवसर मिला।
ये विद्यार्थी रहे विजेता
प्रतियोगिता के घोषित परिणामों के अनुसार स्नेहा, बीएससी तृतीय वर्ष, सर छोटू राम राजकीय महिला महाविद्यालय, सांपला, रोहतक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
पिंकी, बीएड द्वितीय वर्ष, राव लाल सिंह कॉलेज ऑफ एजुकेशन, सिधरावली ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
तृतीय स्थान संयुक्त रूप से आर्यन, बीए प्रथम वर्ष, आई.बी.पी.जी. कॉलेज, पानीपत तथा अन्नू, बीएससी तृतीय वर्ष, इंदिरा गांधी (पी.जी.) महिला महाविद्यालय, कैथल ने प्राप्त किया।
महाविद्यालय प्रबंधन एवं प्राचार्या ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई दी तथा भविष्य में भी शैक्षणिक एवं पर्यावरण जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन सुश्री मनीषा, सुश्री यतिका, सुश्री चांदनी एवं डॉ. मीना द्वारा विज्ञान विभाग तथा ग्रीन एनर्जी एंड एनवायरनमेंट सेल के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर प्रो. शिल्पा, प्रो. मनीषा, प्रो. मीना, प्रो. यातिका और कोच आशु शर्मा सहित प्राध्यापक वर्ग उपस्थित रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने ओजोन परत संरक्षण और सतत विकास के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *