“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

आर.के.एस.डी. कॉलेज में ‘शुंगल कुड़ियाँ दा’ समारोह, विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रतिभा का किया प्रदर्शन

कैथल। आर.के.एस.डी. कॉलेज, कैथल के पंजाबी विभाग की ओर से कॉलेज परिसर में ‘शुंगल कुड़ियाँ दा’ नामक सांस्कृतिक एवं मनोरंजक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने किया। समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

कॉलेज के प्रधान श्री अश्वनी शोरेवाला ने कार्यक्रम के आयोजन पर पंजाबी विभाग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल शैक्षणिक गतिविधियां ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि सांस्कृतिक, साहित्यिक और रचनात्मक गतिविधियां भी जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि ‘शुंगल कुड़ियाँ दा’ जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर देते हैं तथा उन्हें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ लिया भाग

कार्यक्रम को सफल बनाने में पंजाबी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. रेखा तंवर का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा। उनके निर्देशन में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी कला, रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन कर समारोह को आकर्षक एवं यादगार बना दिया।

समारोह में प्रतियोगिता के परिणामों में बी.ए. प्रथम वर्ष की अर्शदीप ने प्रथम स्थान हासिल किया। बी.ए. तृतीय वर्ष की शमनदीप ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि बी.पी.एस. द्वितीय वर्ष की छात्रा जैस्मीन ने तृतीय स्थान हासिल किया।

शिक्षकों ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह

इस अवसर पर डॉ. राजबीर पराशर, शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. गुरदीप भोला तथा इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश मित्तल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए पंजाबी विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना की।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध करवाना उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक क्षमता को भी सामने लाते हैं।

कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. शीनू द्वारा किया गया। समारोह में विद्यार्थियों और शिक्षकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *