“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

जाट शाइनिंग स्टार पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस पर भव्य हवन एवं सम्मान समारोह, शिक्षकों को किया सम्मानित

कैथल, 5 सितंबर 2026। जाट शाइनिंग स्टार पब्लिक स्कूल, कैथल में शिक्षक दिवस के अवसर पर भव्य हवन-यज्ञ एवं शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन श्रद्धा, उल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन-यज्ञ से हुई। हवन में विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य, विद्यार्थियों की सफलता और राष्ट्र कल्याण की कामना की गई।

समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य मिस्टर पंकज गुप्ता ने की। इस अवसर पर जाट हाई स्कूल समिति के प्रधान श्री राजकुमार बेनीवाल ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान प्रदान करने वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि वह कुम्हार की तरह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और जीवन को आकार देता है।

उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित हवन शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है। जाट हाई स्कूल समिति शिक्षकों के सम्मान और विद्यालय की प्रगति के लिए निरंतर प्रतिबद्ध रहेगी।

शिक्षक राष्ट्र निर्माण में निभाते हैं महत्वपूर्ण भूमिका

अपने संबोधन में विद्यालय के प्रधानाचार्य मिस्टर पंकज गुप्ता ने कहा कि भारत में शिक्षक दिवस महान शिक्षाविद एवं भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ-साथ उनके चरित्र, संस्कार और व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। शिक्षक वास्तव में राष्ट्र के भविष्य और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना बनाए रखने और उनके मार्गदर्शन से अपने जीवन में सफलता प्राप्त करने का आह्वान किया।

समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य रहे मौजूद

कार्यक्रम में जाट हाई स्कूल समिति के उप-प्रधान श्री बलजिंदर बनवाला, सचिव एडवोकेट रश्मि ढुल, कोषाध्यक्ष श्री बलकार नैन, श्री जसवीर, श्री सत्यवान माजरा, श्री राजपाल, श्री सन्नी, श्री स्वतंत्र पाल, श्री दलबीर, श्री विक्रम, श्री महावीर कुंडू, श्री महावीर रावीश, श्री रजत रापड़िया, श्री कुलदीप सिंह सहित समिति के अन्य कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।

सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विद्यालय के शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके योगदान की सराहना की।

शिक्षकों के लिए विशेष लंच, विद्यार्थियों में बांटे लड्डू

समारोह के समापन पर प्रबंधक समिति की ओर से विद्यालय के सभी शिक्षकों के लिए विशेष लंच का आयोजन किया गया। वहीं, शिक्षक दिवस की खुशी में विद्यार्थियों को लड्डू वितरित किए गए। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल बना रहा।

जाट शाइनिंग स्टार पब्लिक स्कूल में आयोजित यह कार्यक्रम शिक्षकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और उनके महत्वपूर्ण योगदान को समर्पित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *