“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव में जाट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के NSS स्वयंसेवकों ने पेश की अनुशासन की मिसाल

कैथल, 3 सितंबर। शिक्षा विभाग, हरियाणा की ओर से राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जाखोली अड्डा, कैथल में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव-2026 का 2 और 3 सितंबर को सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और अनुशासित ढंग से संपन्न कराने में जाट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कैथल की NSS इकाई के स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के 15 NSS स्वयंसेवकों ने पूरी निष्ठा, समयबद्धता और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने, मंच संचालन में सहयोग करने तथा दर्शकों और प्रतिभागियों के बीच अनुशासन बनाए रखने में अहम योगदान दिया। उनकी सेवाओं की प्रशासनिक अधिकारियों, अतिथियों और दर्शकों ने भी सराहना की।

NSS कार्यक्रम अधिकारी जसवंत कैंदल के नेतृत्व में निभाई जिम्मेदारी

NSS स्वयंसेवकों की पूरी टीम ने विद्यालय के NSS कार्यक्रम अधिकारी श्री जसवंत कैंदल के नेतृत्व और मार्गदर्शन में कार्य किया। सांस्कृतिक उत्सव के सफल समापन के बाद उन्होंने सभी 15 स्वयंसेवकों के समर्पण, अनुशासन और निस्वार्थ सेवा भावना की प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय आयोजनों में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता से उनमें नेतृत्व क्षमता, सामाजिक दायित्व और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित होती है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करते हैं।

विद्यालय पहुंचने पर NSS स्वयंसेवकों का सम्मान

जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव में जिम्मेदारी निभाने के बाद विद्यालय परिसर पहुंचने पर प्रधानाचार्य श्री नरेश कुमार ने सभी NSS स्वयंसेवकों और मार्गदर्शन करने वाले अध्यापकों का स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में उनके योगदान के लिए बधाई दी।

वहीं, जाट शिक्षण संस्था के प्रधान श्री राजकुमार बेनीवाल, उप-प्रधान श्री बलजिन्दर बनवाला, सचिव एडवोकेट रश्मि ढुल, कोषाध्यक्ष श्री बलकार नैन तथा प्रबंध समिति के अन्य सदस्यों ने भी NSS स्वयंसेवकों और अध्यापकों को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *