
हर घर तिरंगा अभियान के तहत लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह और सेक्टर-20 के ताऊ देवीलाल पार्क में लगी प्रदर्शनी, लोगों को तिरंगे के इतिहास और सम्मान के नियमों की दी जानकारी
कैथल, 11 अगस्त 2026। हर घर तिरंगा अभियान के तहत कैथल में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तिरंगा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन कैथल की डीसी अपराजिता ने किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी में लगाई गई सामग्री का अवलोकन किया और तिरंगे के इतिहास, महत्व तथा सम्मानपूर्वक उपयोग से जुड़ी जानकारी हासिल की।
तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक : डीसी अपराजिता
डीसी अपराजिता ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। राष्ट्रीय ध्वज के साथ देश के करोड़ों लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। तिरंगे का प्रत्येक रंग और अशोक चक्र देश की एकता, शांति, त्याग, साहस और निरंतर प्रगति का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को नमन करने का दिन भी है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। आजादी की इस विरासत और देशभक्ति की भावना को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
प्रदर्शनी में ‘नो योर तिरंगा’ के जरिए दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
डीसी ने बताया कि तिरंगा प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, महत्व, गौरव और सम्मानपूर्वक उपयोग के बारे में जानकारी दी जा रही है। प्रदर्शनी में ‘नो योर तिरंगा’ के माध्यम से तिरंगे से जुड़े अनेक रोचक एवं महत्वपूर्ण तथ्य प्रदर्शित किए गए हैं।
इसके साथ ही फ्लैग कोड ऑफ इंडिया तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और उपयोग से संबंधित नियमों की जानकारी भी प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को दी जा रही है।
हर घर तिरंगा अभियान में भागीदारी का आह्वान
डीसी अपराजिता ने आमजन से हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर हम राष्ट्र के प्रति अपनी आस्था और सम्मान प्रकट करते हैं। इससे देश की एकता और अखंडता के संकल्प को भी मजबूती मिलती है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की तिरंगा प्रदर्शनियां विशेष रूप से युवा पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने और उनमें देशभक्ति की भावना मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं।
डीसी ने आमजन और विशेषकर युवाओं से प्रदर्शनी का अवलोकन करने तथा स्वतंत्रता दिवस से जुड़े कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता सुरेंद्र कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
ताऊ देवीलाल पार्क में भी लगी तिरंगा प्रदर्शनी
हर घर तिरंगा अभियान के तहत कैथल के सेक्टर-20 स्थित ताऊ देवीलाल पार्क में भी तिरंगा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। सुबह सैर करने पहुंचे लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और राष्ट्रीय ध्वज से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।
प्रदर्शनी में तिरंगे में सबसे पहले प्रयोग किए गए तीन रंगों से लेकर देश की महान हस्तियों द्वारा तिरंगा फहराए जाने सहित कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदर्शित की गईं। पार्क में पहुंचे लोगों ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास और उसके महत्व के बारे में नई जानकारी मिलती है।
लोगों ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित इस प्रकार की प्रदर्शनियां राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

Leave a Reply