रामनिवास मित्तल बने कैथल शहरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष, कुलदीप चहल दिल्लोंवाली को मिली ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी
कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर रहेगा फोकस, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
कैथल। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए कैथल नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन रामनिवास मित्तल को कैथल शहरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष तथा पूर्व सरपंच कुलदीप चहल दिल्लोंवाली को कैथल ग्रामीण कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया है।
नई नियुक्तियों के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि दोनों नेता संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बूथ स्तर तक पहुंचाएंगे कांग्रेस की विचारधारा
रामनिवास मित्तल और कुलदीप चहल दिल्लोंवाली ने कहा कि वे कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को हर बूथ तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठनात्मक गतिविधियों को गति दी जाएगी तथा पार्टी को जमीनी स्तर पर और सशक्त बनाया जाएगा।
पार्टी नेतृत्व का जताया आभार
दोनों नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों ने अपनी नियुक्ति पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, हरियाणा कांग्रेस प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर ढांड़, कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला तथा सुदीप सुरजेवाला का धन्यवाद किया।
कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
कैथल विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इन नियुक्तियों का स्वागत करते हुए खुशी व्यक्त की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि रामनिवास मित्तल और कुलदीप चहल दिल्लोंवाली जैसे अनुभवी एवं समर्पित नेताओं को जिम्मेदारी मिलने से पार्टी को नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों नेता संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य करेंगे।


Leave a Reply