विश्व रक्तदाता दिवस पर जिला जेल कैथल में रक्तदान शिविर आयोजित, 62 यूनिट रक्त हुआ एकत्रित
जेल अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, रक्तदान को बताया जीवनदान
कैथल। विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को जिला जेल कैथल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर हरियाणा के महानिदेशक कारागार के निर्देशानुसार तथा सिविल सर्जन कैथल एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी कैथल के सहयोग से आयोजित किया गया।
रक्तदान शिविर का आयोजन जेल अधीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में किया गया, जिसमें जेल में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके पारिवारिक सदस्यों ने स्वेच्छा से बढ़-चढ़कर भाग लिया।
62 यूनिट रक्त हुआ एकत्रित
शिविर के दौरान कुल 62 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के शिविर समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रक्तदान है महादान : अशोक कुमार
इस अवसर पर जेल अधीक्षक अशोक कुमार ने सभी रक्तदाताओं एवं आयोजन में सहयोग देने वाली टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का अनमोल जीवन बचा सकता है और इससे बड़ा मानव सेवा का कार्य कोई नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि रक्तदान को लेकर लोगों को आगे आना चाहिए क्योंकि एक यूनिट रक्त कई लोगों के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है। रक्तदान वास्तव में जीवनदान है।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी
रक्तदान शिविर के माध्यम से जेल प्रशासन ने सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी प्रदर्शित की। अधिकारियों और कर्मचारियों ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।
इस अवसर पर श्रीमती शैलाक्षी भारद्वाज, विकास (सहायक अधीक्षक जेल), सुखदेव सिंह (उप-सहायक अधीक्षक जेल) सहित जेल प्रशासन के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply