“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज शेरगढ़ में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर आयोजित

राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज शेरगढ़ में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर आयोजित

कैथल। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की तैयारियों के तहत आयुष विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जिलेभर में योग जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, शेरगढ़ में विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों के लिए सामान्य योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।

जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में आयुष विभाग के योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को योग के विभिन्न आसनों और प्राणायाम का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। योग प्रशिक्षक विवेक कुमार, सर्जन सिंह और संदीप चहल ने विद्यार्थियों एवं स्टाफ को सूक्ष्म व्यायाम, ताड़ासन, वृक्षासन, भद्रासन, वज्रासन, शशांकासन, भुजंगासन और मकरासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास करवाया।

इसके साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी तथा ध्यान की विभिन्न विधियों की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ मानसिक तनाव, चिंता और जीवनशैली से जुड़ी अनेक समस्याओं को दूर करने में भी सहायक है।

कॉलेज के प्रधानाचार्य कुलवीर सिंह अहलावत ने विद्यार्थियों और स्टाफ को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जो स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित योगाभ्यास करने और समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में कॉलेज के स्टाफ सदस्य प्रदीप कुमार, सुरेन्द्र लाठर, दीपक पुनिया और सोहन शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 को लेकर जिले में व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 8 से 10 जून तक जिले के ग्रामीण एवं ब्लॉक स्तर पर योग जागरण यात्रा निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से लोगों को योग के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 11 जून को जखोली अड्डा, कैथल स्थित नई अनाज मंडी में मार्केट कमेटी के सहयोग से एक दिवसीय विशाल योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद नवीन जिंदल शिरकत करेंगे। शिविर में बड़ी संख्या में आमजन, विद्यार्थी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भाग लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *