“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

एमएसपी की समीक्षा और किसान हितों की मांग को लेकर 4 जून को होगी किसान सभा : सतपाल दिलोंवाली

एमएसपी की समीक्षा और किसान हितों की मांग को लेकर 4 जून को होगी किसान सभा : सतपाल दिलोंवाली

📍 कैथल | 🗓️ 2 जून 2026

कैथल: किसान नेता सतपाल दिलोंवाली ने कहा कि हरियाणा में किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों, व्यापारियों और आम नागरिकों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को सरकार से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन महंगाई, बिजली, पानी और कृषि लागत से जुड़े मुद्दों को लेकर लोगों में निराशा दिखाई दे रही है।

सतपाल दिलोंवाली ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाद, बीज और कृषि दवाइयों की कीमतों में लगातार वृद्धि होने से किसानों की उत्पादन लागत काफी बढ़ गई है। इसके कारण किसानों को फसलों पर उचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की दोबारा समीक्षा की जाए और बढ़ी हुई लागत को ध्यान में रखते हुए किसानों के हित में संशोधित समर्थन मूल्य घोषित किए जाएं, ताकि किसानों को आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े।

किसान नेता ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कृषि और डेयरी क्षेत्र को किसी भी व्यापारिक समझौते से बाहर रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसानों के हितों की अनदेखी की गई तो भारतीय किसान यूनियन सरकार के खिलाफ आंदोलन करने पर मजबूर होगी।

सतपाल दिलोंवाली ने बताया कि 4 जून को कैथल के जवाहर पार्क में भारतीय किसान यूनियन की जिला कार्यकारिणी के गठन के लिए बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने जिले के सभी किसान भाइयों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि किसान संगठनों की एकजुटता ही किसानों की आवाज को मजबूती प्रदान करेगी और किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *