
कैथल: जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अपनी ही 11 वर्षीय बेटी की हत्या के आरोपी पिता ने जेल में आत्महत्या कर ली।
मृतक की पहचान जींद जिले के गांव जयपुर गदली निवासी गोवर्धन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे जेल के शौचालय में लोहे की ग्रिल से चादर का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब एक अन्य कैदी शौचालय जाने पहुंचा, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसके बाद जेल प्रशासन को सूचना दी गई। अधिकारियों ने दरवाजा तोड़कर आरोपी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
गौरतलब है कि आरोपी ने 30 मार्च को अपनी 11 वर्षीय बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी थी। इस मामले में तितरम थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर लिया था, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया था।
सूत्रों के अनुसार, जेल में रहने के दौरान आरोपी मानसिक रूप से काफी परेशान था और किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करता था। उससे मिलने भी कोई परिजन नहीं आया था।
बताया जा रहा है कि चार अप्रैल को उसकी अपने चचेरे भाई से एसटीडी फोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें भाई ने उसे इस जघन्य अपराध के लिए फटकार लगाई थी। इसके अलावा, अन्य कैदियों द्वारा भी उसे लगातार ताने दिए जा रहे थे, जिससे वह और अधिक तनाव में आ गया था।