
कैथल: जिला भाजपा कार्यालय कपिल कमल में पुंडरी के विधायक सतपाल जाम्बा ने आमजन की समस्याएं सुनते हुए जनसुनवाई की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कार्यक्रम में माननीय सांसद नवीन जिंदल के कार्यालय से भी टीम विशेष रूप से उपस्थित रही।
जनसुनवाई के दौरान लगभग 35 से 40 लोग अपनी विभिन्न समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनमें पेंशन, सामाजिक योजनाएं, विकास कार्यों और अन्य प्रशासनिक मुद्दे प्रमुख रहे। विधायक सतपाल जाम्बा ने प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुना और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
विधायक के प्रयासों से इस दौरान लगभग चार पेंशन मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जिससे लाभार्थियों को तुरंत राहत मिली। इसके अलावा अन्य समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
विधायक सतपाल जाम्बा ने अपने संबोधन में कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनका त्वरित समाधान करना उनका कर्तव्य है। सरकार और संगठन मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि जिले के हर व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी जरूरतमंद परेशान न हो।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की जनसुनवाई एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे लोगों को अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने का अवसर मिलता है। विधायक ने विश्वास दिलाया कि कैथल जिले का कोई भी नागरिक उनसे आसानी से मिल सकता है और उसकी समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने विधायक की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल से आमजन को काफी राहत मिलती है और प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत होता है।
कार्यक्रम के अंत में विधायक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनहित के कार्यों में लापरवाही न बरतें और हर समस्या का समाधान समय पर सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।