“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर ऑनलाइन बैठक व योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर ऑनलाइन बैठक व योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित

📍 कैथल | 🗓️ 27 मई 2026

कैथल, 27 मई: जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग कैथल के संयुक्त तत्वावधान में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर नोडल अधिकारी एवं जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला एवं ब्लॉक स्तर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों और विभागाध्यक्षों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के तहत आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों, योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविरों, जन-जागरूकता अभियानों तथा विभागीय जिम्मेदारियों से संबंधित विस्तृत एजेंडा प्रस्तुत किया।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष योग दिवस को अधिक प्रभावशाली एवं जनभागीदारी आधारित बनाने के उद्देश्य से जिलेभर में लगातार योग गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

नोडल अधिकारी सुरेश राविश ने सभी विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का जन आंदोलन है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तैयारियों को गंभीरता से पूरा करें और अधिक से अधिक लोगों को इन कार्यक्रमों से जोड़ें।

इसके अतिरिक्त गांव पबनावा स्थित योगशाला में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की पूर्व तैयारियों के अंतर्गत आयुष योग सहायकों द्वारा योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर के लाइव प्रसारण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगाभ्यास किया और योग के महत्व को समझा।

कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम सरपंच प्रतिनिधि सुरजीत सिंह, कोच केहर सिंह, रामकुमार कोच, मास्टर राजेंद्र शास्त्री एवं जिले सिंह का विशेष सहयोग रहा।

योगशाला इंचार्ज रेखा मेहरा ने बताया कि गांव में प्रतिदिन ग्रामीणजन नियमित रूप से योग करने पहुंच रहे हैं तथा आयुष विभाग द्वारा योग सहायकों की नियुक्ति से गांवों में योग के प्रति जागरूकता और सहभागिता लगातार बढ़ रही है।

जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाता है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें।

उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास से तनाव, चिंता और जीवनशैली से जुड़ी अनेक बीमारियों से बचाव संभव है तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *