“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

मानसून से पहले ड्रेनों और नालों की सफाई पूरी करने के निर्देश : डीसी अपराजिता

मानसून से पहले ड्रेनों और नालों की सफाई पूरी करने के निर्देश : डीसी अपराजिता

📍 कैथल | 🗓️ 25 मई 2026

कैथल, 25 मई: डीसी अपराजिता ने सोमवार को कैथल और कलायत ब्लॉक की विभिन्न ड्रेनों एवं नालों की सफाई कार्य का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को बारिश से पहले सभी सफाई कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने खनौरी रोड स्थित सिल्लाखेड़ा ड्रेन की टूटी हुई रेलिंग को तुरंत ठीक करवाने के आदेश दिए। साथ ही जनस्वास्थ्य विभाग को शहर से निकलने वाले नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

डीसी अपराजिता सबसे पहले गांव नरड़ के निकट अमीन ड्रेन पुल पर पहुंचीं, जहां उन्होंने सिंचाई विभाग द्वारा करवाए जा रहे सफाई कार्य का जायजा लिया। इस दौरान एक्सईएन निशांत बत्तान ने उन्हें कार्य की विस्तृत जानकारी दी।

इसके बाद डीसी ने कलायत स्थित पूंडरी ड्रेन से सिरसा ब्रांच में पानी लिफ्ट करने वाले पंप हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने पंप हाउस में स्थापित मशीनों की साफ-सफाई, रखरखाव और पंप ड्रेन में उगी जलकुंभी हटाने के निर्देश दिए।

डीसी ने कहा कि मानसून से पहले ड्रेनों की सफाई और पंप हाउस का पूरी तरह क्रियाशील होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पानी लिफ्टिंग प्रक्रिया और बिजली आपूर्ति व्यवस्था की भी विस्तृत जानकारी ली।

कैथल में सिल्लाखेड़ा ड्रेन के निरीक्षण के दौरान पुल की रेलिंग टूटी मिलने पर डीसी ने अधिकारियों से जवाब तलब किया और कहा कि अधूरे कार्य किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने मलबा तुरंत हटाने और रेलिंग दुरुस्त करवाने के आदेश दिए ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

इसके बाद डीसी ने मानस रोड स्थित नाले की सफाई कार्य का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि निकाली गई गंदगी का तुरंत उचित स्थान पर निस्तारण किया जाए, ताकि दोबारा नाले ब्लॉक न हों।

डीसी अपराजिता ने सिंचाई और जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां जरूरत हो वहां मनरेगा मजदूरों की सहायता लेकर सफाई कार्य जल्द पूरा करवाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर कलायत एसडीएम अजय हुड्डा, सिंचाई विभाग के एक्सईएन निशांत बत्तान, डीआईपीआरओ नसीब सिंह सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *