“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में 24 मई को राज्य स्तरीय महर्षि कश्यप जयंती समारोह, सीएम नायब सैनी होंगे मुख्य अतिथि

कैथल में 24 मई को राज्य स्तरीय महर्षि कश्यप जयंती समारोह, सीएम नायब सैनी होंगे मुख्य अतिथि

📍 कैथल | 🗓️ 04 मई 2026

कैथल, 4 मई: इंद्री से विधायक एवं हरियाणा विधानसभा के चीफ व्हीप (मुख्य सचेतक) राम कुमार कश्यप ने बताया कि आगामी 24 मई को कैथल में महर्षि कश्यप जयंती राज्य स्तर पर भव्य रूप से मनाई जाएगी। इस समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और प्रदेश भर से समाज के लोग बड़ी संख्या में इसमें भाग लेंगे।

इंद्री विधायक राम कुमार कश्यप सोमवार को पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में जयंती समारोह को लेकर आयोजित बैठक में समाज के लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा महापुरुष विचार सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के अंतर्गत महापुरुषों की जयंती को सरकारी तौर पर मनाया जाता है और अब तक कई महापुरुषों की जयंतियां इस योजना के तहत आयोजित की जा चुकी हैं। इस बार महर्षि कश्यप की जयंती के राज्य स्तरीय समारोह के लिए कैथल को चुना गया है, जो शहर की विस्तार मंडी में आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि समाज के लोग जयंती समारोह की तैयारियां शुरू कर दें। इसके लिए 51 सदस्यीय जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है, जो गांव-गांव जाकर लोगों को आमंत्रित करेगी। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों, संस्थाओं, सभाओं और धर्मशालाओं को जोड़कर इसे सर्व-समाज का कार्यक्रम बनाया जाएगा।

इस अवसर पर विधायक राम कुमार कश्यप ने कहा कि महर्षि कश्यप भारतीय संस्कृति के महान ऋषियों में से एक थे, जिनका जीवन समाज में समरसता, ज्ञान और प्रकृति के संतुलन का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि हमें उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में एकता, भाईचारा और नैतिक मूल्यों को मजबूत करना चाहिए तथा उनके विचारों और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना चाहिए।

इस मौके पर कश्यप धर्मशाला के प्रधान रोहताश कश्यप, युवा कश्यप जागरूक मंच से नोनी कश्यप, युवा समिति खुराना से बलकार, नरेश कश्यप, सुरेंद्र माजरी, नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन सुरेश कश्यप, नरेश कश्यप, बलजीत कश्यप, शमशेर कश्यप, कृष्ण कश्यप, रवि कश्यप, रणबीर कश्यप सहित समाज के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

फोटो 1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *