“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

फेडरेशन ऑफ वेटरंस एसोसिएशन की राज्य स्तरीय बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर मंथन

फेडरेशन ऑफ वेटरंस एसोसिएशन की राज्य स्तरीय बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर मंथन

📍 दादरी | 🗓️

फेडरेशन ऑफ वेटरंस एसोसिएशन की राज्य स्तर पर हुई मीटिंग। जगजीत फौजी: राज्य व केंद्र के पदाधिकारी ने फेडरेशन ऑफ वेटरंस एसोसिएशन के बैनर तले वन रैंक वन पेंशन की विसंगतियां, आठवें वेतन आयोग के रखे बिंदुओं, ईसीएचएस पॉलिक्लिनिक, सीएसडी कैंटीन सहित अन्य समस्याओं एवं संगठन के तालमेल बारे विस्तार से विचार-विमर्श किया। एसोसिएशन अध्यक्ष सूबेदार अर्जुन सिंह राठौड़ व केंद्र के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि मंच संचालन दादरी प्रधान सोमवीर शर्मा ने किया। जीआर वेंक्टस हॉल दादरी में करीब 4 घंटे तक चली बैठक में सभी पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे और विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

हरियाणा की ओर से पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल के प्रधान जगजीत फौजी ने फेडरेशन के पदाधिकारियों के समक्ष कई केंद्र व राज्य स्तर की समस्याओं को उठाते हुए सरकार से उनकी मांगों को रखने की बात कही। उन्होंने बताया कि ईसीएचएस पॉलिक्लिनिक में जब पूर्व सैनिकों के आश्रित अपने कार्ड का नवीनीकरण करवाते हैं तो 9 हजार रुपये तथा जिला सैनिक बोर्ड में नवीनीकरण के लिए 6 हजार रुपये मासिक आय की शर्त रखी जाती है, जो कि एक बीपीएल कार्ड धारक से भी कम है।

अग्निवीर योजना को लेकर उन्होंने कहा कि यह योजना नहीं होनी चाहिए, लेकिन यदि सरकार इसे लागू रखती है तो 4 वर्ष पूरे होने से पहले ही अग्निवीर से उसकी पसंद के विकल्प मांगे जाएं कि वह किस विभाग में जाना चाहता है और उसी आधार पर उसे सीधे संबंधित विभाग में समायोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि जवान घर वापस आता है तो वह दोबारा बेरोजगार की श्रेणी में खड़ा हो जाता है।

उन्होंने यह भी मांग रखी कि जिन जिलों में केंद्रीय विद्यालय नहीं हैं, वहां नए केंद्रीय विद्यालय खोले जाएं क्योंकि यह समय की बड़ी आवश्यकता है। इसके साथ ही सैन्य रिकॉर्ड को सिविल क्षेत्र में मान्यता देने, सेना द्वारा जारी निशुल्क कॉल नंबर 1904 का सख्ती से पालन करवाने तथा बलिदानी सैनिकों और पूर्व सैनिक परिवारों की सुरक्षा के लिए केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा कड़े नियम बनाए जाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

बैठक में अन्य राज्य स्तरीय समस्याओं को भी हाउस के सामने रखा गया और सुझाव दिया गया कि सभी पूर्व सैनिक संगठन एक मंच पर आकर अपनी समस्याएं सरकार के समक्ष रखें। इस पर कुरुक्षेत्र से एयरफोर्स प्रधान पवन कुमार सैनी ने भी समर्थन व्यक्त किया और शहीद स्मारकों के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि इस दिशा में जल्द ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।

बैठक की जानकारी देते हुए जगजीत फौजी ने बताया कि जिला कैथल में 8 मई को सुबह 9:00 बजे ईसीएचएस पॉलिक्लिनिक कैथल में बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें स्पर्श पेंशन शिविर भी लगाया जाएगा। उन्होंने सभी पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कैथल की ओर से प्रतिनिधिमंडल में प्रधान जगजीत फौजी के साथ रिसालदार मेजर खजान सिंह, रिशालदार कर्मवीर भाल तथा दफेदार बलदेव सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *