“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल के अंबाला रोड पर हादसे का खतरा, डिवाइडर से बाहर निकले लोहे के एंगल दे रहे दुर्घटना को न्योता

दीप पैलेस के सामने डिवाइडर पर टूटे लोहे के एंगल सड़क पर करीब एक फीट तक निकले, वाहन चालकों की सुरक्षा पर उठे सवाल

कैथल, 10 अगस्त। कैथल के अंबाला रोड पर दीप पैलेस के सामने डिवाइडर पर लगे टूटे हुए लोहे के एंगल वाहन चालकों के लिए हादसे का कारण बन सकते हैं। डिवाइडर पर सूखे पाम के पेड़ों को बचाने के लिए लगाए गए लोहे के एंगल टूटकर सड़क की ओर करीब एक फीट तक बाहर निकल आए हैं। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक बनी हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर परिषद कैथल की ओर से पिछले वर्ष सड़क के सौंदर्यीकरण और रोशनी की व्यवस्था के तहत डिवाइडरों पर पाम ट्री लगाए गए थे। इन पेड़ों को सुरक्षित रखने के लिए लोहे के एंगल से चबूतरे तैयार किए गए थे। करीब दो फीट चौड़े, चार फीट लंबे और दो फीट ऊंचे इन चबूतरों में लगाए गए लोहे के एंगल अब कई जगह टूटकर सड़क की तरफ निकल आए हैं।

ज्यादातर सजावटी लाइटें भी पड़ी हैं बंद

सड़क के सौंदर्यीकरण के लिए लगाए गए पोलों पर लगी सजावटी लाइटों में से कई अब रोशनी देना बंद कर चुकी हैं। वहीं, डिवाइडरों पर लगाए गए कई महंगे पाम के पेड़ भी उचित देखभाल के अभाव में सूख चुके हैं। लोगों का कहना है कि सौंदर्यीकरण के नाम पर किए गए कार्यों के रखरखाव पर भी नगर परिषद को ध्यान देने की जरूरत है।

पहले भी हो चुका है जानलेवा हादसा

स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले वर्ष रिलायंस सुपर स्टोर के बाहर डिवाइडर पर बनाए गए चबूतरे से बाहर निकले लोहे के एंगल के कारण एक युवक की जान जा चुकी है। इसके बावजूद डिवाइडरों पर टूटे और बाहर निकले लोहे के एंगलों को ठीक नहीं किया गया है।

दीप पैलेस के सामने भी चबूतरे से सड़क की ओर निकला लोहे का एंगल किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। खासकर रात के समय या कम रोशनी में वाहन चालकों को सड़क पर निकला यह एंगल दिखाई नहीं देने की स्थिति में दुर्घटना का खतरा और बढ़ सकता है।

नगर परिषद से तत्काल कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि अंबाला रोड पर दीप पैलेस के सामने डिवाइडर की स्थिति का तत्काल निरीक्षण करवाया जाए। टूटे हुए लोहे के एंगल को हटाने या ठीक करने के साथ-साथ सड़क पर दुर्घटना की आशंका पैदा कर रही अन्य संरचनाओं को भी दुरुस्त किया जाए।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते चबूतरे और सड़क की ओर निकले लोहे के एंगल को ठीक नहीं किया गया तो यह किसी वाहन चालक के लिए गंभीर हादसे का कारण बन सकता है। नगर परिषद को किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय तत्काल सुरक्षा के दृष्टिगत कदम उठाने चाहिए।

SEO Keywords: कैथल अंबाला रोड, कैथल सड़क हादसा, कैथल नगर परिषद, दीप पैलेस कैथल, कैथल डिवाइडर, सड़क सुरक्षा कैथल, कैथल दुर्घटना संभावित रोड, कैथल न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *