23-24 अक्टूबर को रेवाड़ी की जाट धर्मशाला में होगा सम्मेलन, पुरानी पेंशन बहाली और निजीकरण पर रोक सहित कर्मचारियों की मांगें उठेंगी
कैथल। ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक-AITUC) हरियाणा के 18वें प्रदेश स्तरीय प्रतिनिधि सम्मेलन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सम्मेलन के प्रचार-प्रसार अभियान के तहत कैथल डिपो बस स्टैंड पर पोस्टर लगाए गए। एटक हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं रिटायर्ड कर्मचारी संगठन हरियाणा के प्रधान महासचिव पहल सिंह तंवर तथा रोडवेज कर्मचारी यूनियन के डिपो प्रधान प्रवीण कुमार क्योड़क ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सम्मेलन की तैयारियों और इसमें उठाए जाने वाले मुद्दों की जानकारी दी।
पहल सिंह तंवर ने बताया कि एटक हरियाणा का 18वां प्रदेश सम्मेलन 23 और 24 अक्टूबर को रेवाड़ी स्थित जाट धर्मशाला में आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर से मजदूर, कर्मचारी, किसान और महिला संगठनों के सैकड़ों प्रतिनिधि भाग लेंगे। रिटायर्ड कर्मचारी संगठन हरियाणा से संबंधित एटक तथा रोडवेज कर्मचारी यूनियन हरियाणा के राज्यस्तरीय पदाधिकारी और विभिन्न जिलों के प्रतिनिधि भी सम्मेलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे।
एटक की राष्ट्रीय महासचिव अमरजीत कौर करेंगी संबोधित
पहल सिंह तंवर ने बताया कि सम्मेलन में एटक की राष्ट्रीय महासचिव कामरेड अमरजीत कौर मुख्य वक्ता के रूप में प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगी। सम्मेलन के दौरान देश और प्रदेश की आर्थिक, सामाजिक एवं राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही युवाओं के सामने बढ़ती बेरोजगारी की समस्या को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
तंवर ने कहा कि बेरोजगारी आज देश और प्रदेश के युवाओं के सामने एक गंभीर चुनौती है। सम्मेलन में इस मुद्दे पर चर्चा करते हुए सरकारों की नीतियों और रोजगार उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी पर सवाल उठाए जाएंगे।
पुरानी पेंशन बहाली और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग
रोडवेज कर्मचारी यूनियन हरियाणा के कैथल डिपो प्रधान प्रवीण कुमार क्योड़क ने बताया कि सम्मेलन में कर्मचारियों की लंबित और जायज मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इनमें पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने तथा हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के माध्यम से कच्ची भर्ती की प्रक्रिया बंद कर नियमित भर्ती शुरू करने की मांग शामिल है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू करना जरूरी है। इसके अलावा रोडवेज, बिजली और अन्य सार्वजनिक विभागों में निजीकरण पर रोक लगाने का मुद्दा भी सम्मेलन में उठाया जाएगा।
कैथल डिपो के कर्मचारी भी लेंगे भाग
प्रवीण कुमार क्योड़क ने कहा कि कैथल डिपो की कार्यकारिणी के सदस्य सम्मेलन में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। सम्मेलन के माध्यम से कर्मचारियों की समस्याओं, लंबित मांगों और सार्वजनिक विभागों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर उन्हें संगठनात्मक स्तर पर उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रचार अभियान के जरिए कर्मचारियों को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।


