कैथल। इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने कैथल सहित प्रदेश की मंडियों में धान खरीद को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मंडियों में पीआर धान की नमी के नाम पर किसानों से 300 से 400 रुपये प्रति क्विंटल तक की कटौती की जा रही है। माजरा ने आरोप लगाया कि धान खरीद में आढ़तियों, राइस मिलर्स और अधिकारियों की मिलीभगत से किसानों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
रामपाल माजरा मंगलवार को कैथल अनाज मंडी में किसानों और इनेलो कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान इनेलो जिला प्रधान अनिल तंवर सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पीआर धान की खरीद में कटौती का लगाया आरोप
रामपाल माजरा ने कहा कि पीआर धान की खरीद पिछले आठ दिनों से चल रही है, लेकिन किसानों को समर्थन मूल्य यानी एमएसपी का लाभ नहीं मिल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि धान में नमी बताकर किसानों पर कट लगाया जा रहा है, जबकि निर्धारित मानकों को पूरा करने वाली धान की ढेरियों की भी समर्थन मूल्य पर खरीद नहीं की जा रही।
उन्होंने दावा किया कि कैथल मंडी में 30 सितंबर से पहले करीब एक लाख कट्टे पीआर धान को 300 से 400 रुपये प्रति क्विंटल कम कीमत पर खरीदा गया और किसानों को कच्ची पर्ची दी गई। माजरा के अनुसार, अब इसी धान का जे-फार्म काटकर 2461 रुपये प्रति क्विंटल के एमएसपी पर चढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि करीब 50 हजार कट्टे एमएसपी पर चढ़ाए जाने का दावा किया जा रहा है।
आढ़तियों, राइस मिलर्स और अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप
इनेलो प्रदेशाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि धान खरीद से जुड़े इस पूरे मामले में आढ़तियों, राइस मिलर्स और अधिकारियों की मिलीभगत है। उन्होंने कहा कि पिछले दो-तीन दिनों में कैथल मंडी में करोड़ों रुपये का कथित घोटाला हुआ है। खरीद से संबंधित विभागों के अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय मूकदर्शक बने हुए हैं।
माजरा ने कहा कि अब मौसम साफ होने के बाद मंडियों में नमी वाली धान की आवक कम हो गई है, फिर भी किसानों को नमी के नाम पर नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
1509 धान के भाव कम करने का भी आरोप
रामपाल माजरा ने 1509 धान की खरीद को लेकर भी राइस मिलर्स पर मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले 1509 धान की बोली लगाकर खरीद की जा रही थी, लेकिन अब बोली तोड़कर इसे करीब 500 से 600 रुपये प्रति क्विंटल कम कीमत पर खरीदा जा रहा है।
उन्होंने प्रदेश सरकार से कैथल सहित प्रदेश की मंडियों में धान खरीद के दौरान सामने आ रहे आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
‘प्रदेश में लूटेरों की सरकार’, माजरा ने सरकार पर साधा निशाना
रामपाल माजरा ने प्रदेश सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने सरकार पर विभिन्न मामलों में घोटालों के आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में किसान और आम जनता परेशान हैं। उन्होंने बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और अन्य मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरा।
माजरा ने कहा कि इनेलो किसानों और आम जनता की आवाज उठाती रहेगी और पार्टी प्रदेश की हर मंडी में जाकर किसानों के साथ हो रहे कथित अन्याय का विरोध करेगी।
इनेलो जिला प्रधान ने भी मंडियों में धान खरीद पर उठाए सवाल
इनेलो जिला प्रधान अनिल तंवर ने कहा कि मंडियों में धान की खुली लूट हो रही है और पार्टी कार्यकर्ता लगातार मंडियों में जाकर इसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य दिलाने के लिए इनेलो आंदोलन जारी रखेगी।
इस मौके पर किसान सेल अध्यक्ष सलेंद्र प्रताप राणा, सोनू वर्मा, रामप्रकाश गोगी, भूप सिंह नैना, सतीश गर्ग, महावीर पट्टी अफगान, काला प्यौदा, मास्टर बलबीर मटौर, होश्यार भानपुरा, अमित सिरटा, लाला टेकचंद, राजाराम माजरा, रोहित कुंडू, बलजीत मानस, ईश्म सिंह जसवंती, रकम सिंह नंबरदार क्योड़क, धर्मपाल मलिक खुराना सहित काफी संख्या में इनेलो कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Leave a Reply