कैथल, 2 अक्टूबर। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर नगर परिषद कैथल की ओर से शहर में महा सफाई अभियान चलाया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व विधायक लीला राम ने सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर सेक्टर-19, ऋषि नगर और सचिवालय रोड पर सफाई की। इस दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए शहर को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया गया।
पूर्व विधायक लीला राम ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हम सभी की जिम्मेदारी है। महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने घर, आसपास और शहर को साफ रखने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि न खुद गंदगी फैलाएं और न ही दूसरों को गंदगी फैलाने दें।
सफाई कर्मचारियों के साथ लीला राम ने लगाई झाड़ू
महा सफाई अभियान के दौरान पूर्व विधायक लीला राम ने नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों के साथ झाड़ू लगाकर सफाई की। अभियान में भाजपा पार्षद रोहन मित्तल, नगर परिषद सचिव मोहन लाल सहित सफाई कर्मचारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर लीला राम ने सफाई कर्मचारियों का सम्मान भी किया।
लीला राम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए देशभर में स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर ही स्वस्थ समाज और सुंदर भारत की नींव है। शहर को स्वच्छ रखने के लिए प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।
सेवा संकल्प अभियान से जुड़ने की अपील
पूर्व विधायक ने कहा कि प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर इसी अभियान के तहत सफाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन का उद्देश्य हर वर्ग का कल्याण सुनिश्चित करना तथा पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से सभी खंडों में सेवा सेतू शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में नागरिक अपने नजदीकी क्षेत्र में पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने के साथ-साथ पात्रता के अनुसार उनका लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं।
7 अक्टूबर को निकलेगी सेवा ज्योति यात्रा
लीला राम ने बताया कि 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा सभी खंडों से निकाली जाएगी। यह यात्रा सुबह 10 बजे शुरू होकर दोपहर बाद पुलिस लाइन मैदान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में पहुंचेगी। उन्होंने नागरिकों से सेवा ज्योति यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
इस अवसर पर पार्षद रोहन मित्तल, राजेश कुमार, रामकुमार नैन, कुशलपाल सैन, नगर परिषद सचिव मोहन लाल, लखविंद्र सिंह, जगदीश, अमित सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



Leave a Reply