“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

हरियाणा में बढ़ते अपराध पर सुरजेवाला का हमला, बोले- हर दुकान पर पर्ची, हर डॉक्टर पर धमकी


कैथल, 1 अक्टूबर 2026। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर तीखा हमला बोला है। सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों, गैंगस्टरों और रंगदारी मांगने वालों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं और आम जनता, व्यापारी तथा डॉक्टर डर के माहौल में जीने को मजबूर हैं।
सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा में रंगदारी, फिरौती और जान से मारने की धमकियों के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी और जवाबदेही से बच रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश में स्थिति ऐसी बन गई है कि “हर दुकान पर पर्ची, हर डॉक्टर पर धमकी और हर व्यापारी पर गोली” का डर दिखाई दे रहा है।
पेट्रोल पंप संचालक से मांगी 5 करोड़ की रंगदारी
सुरजेवाला ने हिसार की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि अर्बन एस्टेट निवासी और दिल्ली रोड स्थित पेट्रोल पंप संचालक प्रमोद गोयल को विदेशी नंबर से कॉल और वॉयस मैसेज भेजकर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। धमकी देने वाले ने खुद को ‘रोहित गैंग’ का सदस्य बताते हुए रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।
उन्होंने पानीपत के सुनील मेमोरियल अस्पताल के संचालक डॉ. संजय जैन को मिली धमकी का भी उल्लेख किया। सुरजेवाला के अनुसार, डॉक्टर को व्हाट्सऐप पर संदेश भेजकर 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई और रकम देने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया। उन्होंने कहा कि पानीपत में इससे पहले भी अन्य डॉक्टरों को इसी तरह की धमकियां मिलने की घटनाएं सामने आई हैं।
भाजपा नेता से भी मांगी गई 5 करोड़ की रंगदारी
सुरजेवाला ने कहा कि अपराधियों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि सत्ताधारी दल के नेता भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे। उनके मुताबिक, नूंह में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जाहिद हुसैन बाई को विदेशी नंबर से कॉल कर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
रेवाड़ी के धारूहेड़ा में ईएसआई डिस्पेंसरी के कर्मचारियों की कार पर धमकी भरा पत्र मिलने का भी सुरजेवाला ने जिक्र किया। उनके अनुसार, पत्र में 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई और पैसे नहीं देने पर डॉक्टर से लेकर चपरासी तक पूरे स्टाफ को जान से मारने की धमकी दी गई।
2025 में जुलाई तक 296 रंगदारी के केस: सुरजेवाला
कांग्रेस नेता ने विधानसभा में सरकार की ओर से दिए गए आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि 2025 में जुलाई तक हरियाणा में रंगदारी और फिरौती के 296 मामले दर्ज हुए, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 253 मामले दर्ज किए गए थे। सुरजेवाला ने इसे करीब 17 प्रतिशत की बढ़ोतरी बताया।
उन्होंने 1 जनवरी 2019 से 31 जुलाई 2025 के बीच दर्ज अपराधों के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि इस अवधि में हरियाणा में 6,949 हत्याएं, 11,273 बलात्कार, 23,954 अपहरण, 844 डकैती और व्यापारियों के खिलाफ 684 अपराध दर्ज किए गए।
सरकार से अपराधियों पर निर्णायक कार्रवाई की मांग
सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से चुनाव प्रचार और राजनीतिक गतिविधियों के बजाय हरियाणा की कानून-व्यवस्था पर तत्काल ध्यान देने की मांग की। उन्होंने कहा कि विदेशी नंबरों से संचालित गैंग और अपराधियों के खिलाफ कड़ा एवं निर्णायक अभियान चलाया जाना चाहिए, ताकि व्यापारियों, डॉक्टरों और आम नागरिकों को भयमुक्त माहौल मिल सके।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने अपराध और रंगदारी के खिलाफ प्रभावी कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस जनता की सुरक्षा और अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
नोट: उपरोक्त खबर में अपराध और सरकार से जुड़े आरोप कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला के प्रेस नोट/बयानों के आधार पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *