कैथल, 29 सितंबर 2026। रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा और अखिल भारतीय राज्य पेंशनर्स फेडरेशन के आह्वान पर कैथल जिले के बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने सचिवालय परिसर में 24 घंटे का पड़ाव शुरू किया। पड़ाव की अध्यक्षता जिला प्रधान रमेश हरित ने की। इस दौरान रिटायर्ड कर्मचारियों ने आठवें वेतन आयोग में पेंशन रिवीजन, कैशलेस मेडिकल सुविधा, पुरानी पेंशन बहाली और कम्युटेशन रिकवरी की अवधि कम करने सहित कई मांगें उठाईं।
पड़ाव को संबोधित करते हुए जसबीर सिंह, जगरूप सहारण, दिलबाग पोलड, ईश्वर ढांडा, बलबीर ढुल, राजकुमार सिसमौर, अशोक रजनीकांत, सतबीर कोटड़ा, सुरेश शर्मा बालू और रामचंद्र रापड़िया सहित अन्य नेताओं ने कहा कि रिटायर्ड कर्मचारियों ने अपने-अपने विभागों में लंबे समय तक सेवाएं देकर देश और समाज के विकास में योगदान दिया है। इसके बावजूद सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सुविधाओं में लगातार कटौती की जा रही है।
आठवें वेतन आयोग में सभी पेंशनरों को शामिल करने की मांग
रिटायर्ड कर्मचारी नेताओं ने कहा कि आठवें वेतन आयोग से रिटायर्ड कर्मचारियों को बाहर करने की कोशिशें नहीं होनी चाहिए। पुराने और नए पेंशनरों के बीच अंतर किए जाने पर भी उन्होंने आपत्ति जताई। उन्होंने मार्च 2025 में संसद में पारित वित्त विधेयक को वापस लेने तथा सभी रिटायर्ड कर्मचारियों पर आठवें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने की मांग की।
नेताओं ने कहा कि पेंशन सेवानिवृत्त कर्मचारियों का अधिकार है, इसे किसी प्रकार की खैरात नहीं माना जाना चाहिए।
कैशलेस मेडिकल सुविधा और पेंशन बढ़ोतरी की मांग
पड़ाव में शामिल विभिन्न ब्लॉकों के नेताओं पूर्ण सिंह वड़ैच, मामू राम सिरोही, रघुबीर सिंह करोड़ा, कर्मबीर कौलेखां, सतपाल बेदी और सतबीर शर्मा ने भी अपनी मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए इलाज की व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है।
उन्होंने सरकार से कैशलेस मेडिकल प्रणाली लागू करने की मांग की। साथ ही बढ़ती महंगाई को देखते हुए उम्र बढ़ने के साथ पेंशन में अतिरिक्त बढ़ोतरी करने की मांग भी उठाई गई।
कम्युटेशन रिकवरी 15 की बजाय 11 साल करने की मांग
रिटायर्ड कर्मचारी संघ ने पेंशन कम्युटेशन की रिकवरी अवधि को 15 साल से घटाकर 11 साल करने की मांग की। नेताओं का कहना है कि कम्युटेशन की राशि की भरपाई करीब 11 वर्षों में हो जाती है, इसलिए इसके बाद भी चार साल तक राशि की वसूली करना उचित नहीं है।
इसके साथ ही कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग भी जोरदार तरीके से उठाई।
धरना स्थल पर मनाई गई शहीद भगत सिंह की जयंती
24 घंटे के पड़ाव के दौरान दोपहर दो बजे के बाद धरना स्थल पर शहीद भगत सिंह की 120वीं जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। शकुंतला, आंगनवाड़ी यूनियन नेत्री, ने रागनी के माध्यम से भगत सिंह की माता के विचार प्रस्तुत किए।
मास्टर लेफ्टिनेंट सिंह ने शहीद भगत सिंह के जीवन और उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं और समाज से उनके विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कामरेड प्रेम चंद रहे। उन्होंने कहा कि भगत सिंह की सोच और विचारों को अपनाकर बेरोजगारी, महंगाई और आवास जैसी बुनियादी समस्याओं का समाधान करने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।
प्रधानमंत्री के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन
रिटायर्ड कर्मचारी संघ के अनुसार कैथल में शुरू किया गया 24 घंटे का पड़ाव 30 सितंबर सुबह 10 बजे तक जारी रहेगा। इसके बाद जिला प्रशासन के माध्यम से भारत सरकार के प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
रात को पड़ाव स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के मुख्य संचालक मास्टर गोपाल दास होंगे।
प्रेस नोट जारीकर्ता: जसबीर सिंह, वरिष्ठ उपप्रधान, रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा, जिला कैथल।


Leave a Reply