कैथल। मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन (MWA) की कैथल कार्यकारिणी की ओर से आर.के.एस.डी. कॉलेज, नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर और व्हाइट बैंगर के सहयोग से आयोजित 15 दिवसीय एआई (AI) वर्कशॉप का समापन हो गया। रविवार को आर.के.एस.डी. कॉलेज परिसर में आयोजित प्रमाण पत्र वितरण समारोह में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया से जुड़े 30 पत्रकारों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में आर.के.एस.डी. कॉलेज प्रधान अश्वनी शोरेवाला पहुंचे। विशिष्ट अतिथियों में आर.के.एस.डी. फार्मेसी कॉलेज के प्रधान नवनीत गोयल, महासचिव पंकज बंसल, आर.के.एस.डी. कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. गगन मित्तल, नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर के इंचार्ज बीमल ठाकुर, एजु अस इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अभिषेक गुप्ता, व्हाइट बैंगर के निदेशक संजय शर्मा तथा मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपप्रधान नवीन मल्होत्रा मौजूद रहे।
अतिथियों को स्मृति चिह्न और शॉल भेंटकर किया सम्मानित
समारोह में पहुंचे अतिथियों का एमडब्ल्यूए प्रधान सुखविंद्र सैनी, उपप्रधान सुरज सहारण, ओपी सैनी, महासचिव मोहन नायक, कोषाध्यक्ष विक्रम यादव, ललित यादव, सुनील जांगड़ा, मोहित गुलाटी, प्रवेश बहादुर, विनित गर्ग, राजेश कैथ सहित अन्य पत्रकार साथियों ने बुके, स्मृति चिह्न और शॉल भेंटकर सम्मान किया।
पत्रकारों के हितों के लिए लगातार कार्य कर रही एसोसिएशन : नवीन मल्होत्रा
मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन के उत्तर भारत के वरिष्ठ उपप्रधान नवीन मल्होत्रा ने कहा कि एसोसिएशन पत्रकारों के हितों के लिए लगातार कार्य कर रही है। संगठन की ओर से पत्रकारों को नि:शुल्क 10-10 लाख रुपये की दुर्घटना बीमा पॉलिसियां उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके साथ ही पत्रकारों को टर्म इंश्योरेंस और कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
पत्रकार समाज और सरकार के बीच महत्वपूर्ण सेतु : अश्वनी शोरेवाला
आर.के.एस.डी. कॉलेज प्रधान अश्वनी शोरेवाला ने कहा कि पत्रकार समाज और सरकार के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। पत्रकार जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को सरकार तक पहुंचाने के साथ सरकार की नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों के कल्याण के लिए सामूहिक प्रयास समय की आवश्यकता हैं। उन्होंने एमडब्ल्यूए के प्रदेशाध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी और जिलाध्यक्ष सुखविंद्र सैनी द्वारा पत्रकारों तथा उनके परिवारों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
शोरेवाला ने कहा कि पत्रकारों का एक छात्र की तरह एआई की जानकारी हासिल करना महत्वपूर्ण पहल है। मीडिया के क्षेत्र में AI की जानकारी समय की जरूरत बन चुकी है। पत्रकारों ने नई तकनीक सीखने की दिशा में जो कदम उठाया है, वह सराहनीय है।
युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा स्किल सेंटर : नवनीत गोयल
आर.के.एस.डी. फार्मेसी कॉलेज के प्रधान नवनीत गोयल ने कहा कि आर.के.एस.डी. नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर कैथल के युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने बताया कि सांसद नवीन जिंदल ने जब आर.के.एस.डी. कॉलेज कार्यकारिणी के समक्ष स्किल सेंटर खोलने का प्रस्ताव रखा तो इस पर विचार-विमर्श किया गया। महसूस किया गया कि युवाओं को शिक्षा के साथ स्किल शिक्षा भी मिले तो उनके लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि विदेश जाने के इच्छुक युवाओं को स्थानीय स्तर पर स्किल प्रशिक्षण मिलने से बेहतर अवसर मिल सकते हैं। स्किल सेंटर में सैकड़ों युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं। इसके लिए उन्होंने सांसद नवीन जिंदल का आभार व्यक्त किया।
पत्रकारों के हित में आगे भी जारी रहेंगे प्रयास : सुखविंद्र सैनी
एमडब्ल्यूए के जिला प्रधान सुखविंद्र सैनी ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों, पत्रकारों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन भविष्य में भी पत्रकारों के हितों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए लगातार कार्य करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि बदलते दौर में पत्रकारों को नई तकनीकों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जोड़ना भी संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है। 15 दिवसीय AI वर्कशॉप इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही, जिसमें कैथल के पत्रकारों ने AI से जुड़ी जानकारी और तकनीकी कौशल हासिल किया।

Leave a Reply