“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

58 किलोमीटर साइकिल चलाकर कैथल पहुंचे डॉ. अशोक वर्मा, बोले- नशे से दूर रहें युवा

कैथल। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो के नशामुक्ति अभियान के तहत राजकीय औद्योगिक संस्थान में नशे के खिलाफ व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। खास बात यह रही कि डॉ. वर्मा कुरुक्षेत्र से 58 किलोमीटर साइकिल चलाकर संस्थान पहुंचे और कार्यक्रम के बाद वापस भी साइकिल से गए।

‘यदि नशा होता अच्छा, माँ कहती—खा ले मेरे बच्चा’

संस्थान के प्राचार्य करमवीर सिंह की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा, “यदि नशा होता अच्छा, माँ कहती—खा ले मेरे बच्चा; लेकिन माँ अपने बच्चे को नशा नहीं, स्वस्थ जीवन, अच्छी शिक्षा और संस्कार देना चाहती है।”

उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के शरीर और मन को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ उसके परिवार की खुशियों, आर्थिक स्थिति, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक प्रतिष्ठा को भी प्रभावित करता है। युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उन्हें नशे से बचाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान

डॉ. वर्मा ने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने मित्रों, परिवारजनों तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशे के विभिन्न प्रकारों, उनके शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों, बचाव के उपायों तथा नशे की गिरफ्त में आए लोगों के उपचार और पुनर्वास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

इस दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी दिलाया गया।

नशे की गिरफ्त में आए व्यक्ति से घृणा नहीं, उपचार जरूरी

डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए केवल कानून का भय पर्याप्त नहीं है। परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज को मिलकर जागरूकता एवं संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा।

उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में आए व्यक्ति से घृणा करने के बजाय उसे उपचार और पुनर्वास की दिशा में ले जाना चाहिए। एक व्यक्ति को नशे से बचाना उसके पूरे परिवार के भविष्य को बचाने के समान है।

उन्होंने नशे से संबंधित सूचना, शिकायत अथवा सहायता के लिए 1933 पर संपर्क करने की अपील की।

215 विद्यार्थी और 10 शिक्षक रहे मौजूद

हरियाणा राज्य नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो का नशामुक्ति अभियान अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार, आईपीएस के दिशा-निर्देशन तथा राजेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है।

संस्थान के प्राचार्य करमवीर सिंह ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की सराहना की और विद्यार्थियों से नशामुक्त, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में संस्थान के शिक्षक गणेश, रोबिन मोर और नरेश सहित 215 विद्यार्थी एवं 10 शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *