“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

हिन्दी हमारे मन, हृदय और आत्मा की भाषा है : आचार्य अमृतलाल मदान

हिन्दी देश को जोड़ने वाली भाषा, शिक्षा और दैनिक व्यवहार में प्रयोग बढ़ाने पर जोर : कुलगुरु आचार्य राजेन्द्रकुमार अनायत

कैथल, 15 सितंबर 2026। महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय, कैथल के टीक परिसर में हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में एकदिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु आचार्य राजेन्द्रकुमार अनायत ने की, जबकि हिन्दी साहित्यकार एवं आरकेएसडी महाविद्यालय के पूर्व आचार्य डॉ. अमृतलाल मदान मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारम्भ विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. संजय गोयल द्वारा प्रस्तावना प्रस्तुति के साथ हुआ। उन्होंने हिन्दी दिवस की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए मुख्य वक्ता आचार्य अमृतलाल मदान का परिचय कराया।

हिन्दी भारतीय संस्कृति और संवेदना की अभिव्यक्ति : आचार्य अमृतलाल मदान

मुख्य वक्ता आचार्य अमृतलाल मदान ने कहा कि हिन्दी हमारी राजभाषा होने के साथ-साथ हमारे मन, हृदय और आत्मा की भाषा है। हिन्दी केवल संवाद का माध्यम नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, संवेदना, परम्परा और जीवन-मूल्यों की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम भी है।

उन्होंने कहा कि हिन्दी ने देश के विभिन्न क्षेत्रों और समुदायों के बीच संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्तमान समय में हिन्दी के अध्ययन, अध्यापन और साहित्य-सृजन को और अधिक व्यापक बनाने की आवश्यकता है।

हिन्दी देश को जोड़ने का काम करती है : कुलगुरु

अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलगुरु आचार्य राजेन्द्रकुमार अनायत ने कहा कि हिन्दी देश को जोड़ती है। भारत की भाषायी विविधता उसकी विशेषता है और हिन्दी इस विविधता के बीच संपर्क एवं संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कहा कि हिन्दी के प्रति सम्मान और इसके प्रयोग को केवल हिन्दी दिवस तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि शिक्षा, शोध, प्रशासन और दैनिक व्यवहार में भी हिन्दी के प्रयोग को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

कुलगुरु ने भारतीय भाषाओं के पारस्परिक सम्मान और समन्वय को राष्ट्रीय एकता एवं सांस्कृतिक समृद्धि के लिए आवश्यक बताया।

प्राध्यापकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम के अंत में अधिष्ठाता शैक्षणिक डॉ. जगत नारायण कौशिक ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन दर्शन विभाग के सहायकाचार्य डॉ. कुलदीप चन्द्र ने किया।

इस अवसर पर परीक्षा नियन्त्रक प्रो. भाग सिंह बोदला, डॉ. कृष्ण चन्द्र पाण्डे, डॉ. रामानन्द मिश्र, डॉ. अखिलेश कुमार मिश्र, डॉ. हरीश कुमार, डॉ. गोविन्द वल्लभ सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन वन्दे मातरम् एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *