कैथल। स्थानीय आरकेएसडी महाविद्यालय, कैथल में यूथ रेडक्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को वृद्धजनों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम तथा सर जीन हेनरी ड्यूनेंट की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। प्रधान प्रबंधक समिति श्री अश्विनी शोरेवाला एवं समस्त प्रबंधक समिति ने यूथ रेडक्रॉस सोसाइटी के इस प्रयास की सराहना करते हुए बधाई दी।
वाईआरसी संयोजिका डॉ. सुरुचि शर्मा ने सभागार में उपस्थित अतिथियों, स्टाफ सदस्यों और स्वयंसेवकों का स्वागत किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने मुख्यातिथि का परिचय करवाया तथा रेडक्रॉस की सामाजिक जिम्मेदारियों में सकारात्मक भूमिका पर प्रकाश डाला।
डॉ. गगन मित्तल ने कहा कि महाविद्यालय में आयोजित इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रेडक्रॉस मानवता, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से वृद्धजनों का सम्मान करने तथा रेडक्रॉस से जुड़कर मानवीय कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
वृद्धजनों के अनुभव और ज्ञान से सीख लेने का संदेश
कार्यक्रम में राज्य रेडक्रॉस सोसाइटी के महासचिव डॉ. सुनील कुमार मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य, सेवा और मित्रता रेडक्रॉस के प्रमुख आदर्श हैं। यूथ रेडक्रॉस विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन और संवेदनशीलता के संस्कार विकसित करने का कार्य करता है।
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने परिवार और समाज में मौजूद वृद्धजनों के अनुभव और ज्ञान का लाभ लेना चाहिए। वृद्धजनों के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उन्हें पूरा सम्मान देना चाहिए, ताकि वे समाज में गरिमापूर्ण जीवन जी सकें।
जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. रामजीलाल एवं डॉ. बीरबल ने उपस्थित स्वयंसेवकों को नशा मुक्ति और रक्तदान की शपथ दिलाई।
सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव पोलड पहुंचे स्वयंसेवक
कार्यक्रम के बाद उपस्थित पदाधिकारियों ने सेवा संकल्प अभियान के तहत रेडक्रॉस सोसाइटी के स्वयंसेवकों के दल को हरी झंडी दिखाकर गांव पोलड के लिए रवाना किया।
हरियाणा की युवा सरपंच एवं महाविद्यालय की पुरातन छात्रा अंजलि ने गांव पहुंचने पर स्वयंसेवकों का स्वागत किया और गांव में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी।
रेडक्रॉस स्वयंसेवकों ने गांव में जाकर वृद्धजनों से मुलाकात की तथा उनकी व्यक्तिगत समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी जुटाई। इस दौरान बुजुर्गों को मिल रही सरकारी सुविधाओं का भी अनुसूची के माध्यम से सर्वेक्षण किया गया।
वृद्धजनों के मनोरंजन के लिए डॉ. राजीव शर्मा के नेतृत्व में नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया। इसके माध्यम से सामाजिक जागरूकता और बुजुर्गों के सम्मान का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. विकास भारद्वाज ने किया, जबकि कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. सुरुचि शर्मा ने सभी का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर डॉ. अशोक अत्री, डॉ. जयबीर धारीवाल, डॉ. कपिल जैन, डॉ. चेतना, डॉ. आशा, डॉ. अनिता, डॉ. देवीलाल सहित कॉलेज के सभी रेडक्रॉस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।




Leave a Reply