“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल पुलिस की मॉक ड्रिल: उपद्रवी भीड़ और असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए 3 कंपनियां तैयार

पुलिस लाइन कैथल में महिला और पुरुष पुलिस कर्मचारियों ने किया दंगा नियंत्रण का अभ्यास, आंसू गैस, वाटर कैनन और वज्र वाहन के इस्तेमाल की दी गई जानकारी

कैथल, 19 अक्टूबर। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने के लिए सोमवार को पुलिस लाइन कैथल में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान महिला और पुरुष पुलिस कर्मचारियों ने उपद्रवी भीड़ तथा असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए विभिन्न प्रकार के अभ्यास किए। पुलिस कर्मचारियों को भीड़ नियंत्रण, दंगा निरोधक कार्रवाई और वीआईपी सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारियां भी दी गईं।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में कैथल जिला पुलिस की तीन कंपनियों का गठन किया गया है। इनमें दो पुरुष और एक महिला कंपनी शामिल है। इन कंपनियों को कानून व्यवस्था से जुड़ी परिस्थितियों में तुरंत कार्रवाई करने के लिए तैयार रखा जाएगा। पुलिस जवान लाठी-डंडे, आंसू गैस और उपलब्ध आधुनिक उपकरणों के साथ जरूरत पड़ने पर ड्यूटी संभालने के लिए तैयार रहेंगे।

डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने किया अभ्यास

पुलिस लाइन कैथल में आयोजित मॉक ड्रिल का अभ्यास डीएसपी सुशील प्रकाश, डीएसपी बीर भान और डीएसपी रोहताश के नेतृत्व में सीडीआई एएसआई अजय द्वारा करवाया गया। इस दौरान पुलिस बल की सभी टुकड़ियों को विशेष मॉक ड्रिल के माध्यम से उपद्रवी भीड़ और असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए विभिन्न प्रकार की फॉर्मेशन बनाने तथा परिस्थितियों के अनुसार कार्रवाई करने का प्रशिक्षण दिया गया।

आंसू गैस, वाटर कैनन और वज्र वाहन के इस्तेमाल की जानकारी

मॉक ड्रिल में आंसू गैस टीम ने भी भाग लिया। टीम के सदस्यों को आंसू गैस के गोले छोड़ने और वज्र वाहन के इस्तेमाल से संबंधित विशेष जानकारी दी गई। इसके अलावा दंगा निरोधक टीमों ने भीड़ को नियंत्रित करने और तितर-बितर करने के लिए लाठी-डंडों, कैनसिल्ड तथा वाटर कैनन के साथ अभ्यास किया।

पुलिस कर्मचारियों ने रास्ता रोकने, दंगा करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने जैसी परिस्थितियों में तत्काल कार्रवाई करने का अभ्यास भी किया। इसके साथ ही वीआईपी सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का भी विशेष अभ्यास करवाया गया।

कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटेगी पुलिस

इस दौरान डीएसपी सुशील प्रकाश ने मौजूद पुलिस कर्मचारियों को कानून व्यवस्था संबंधी ड्यूटी के बारे में विस्तार से जानकारी दी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस बल को किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में सतर्कता, अनुशासन और आपसी तालमेल के साथ कार्य करने के लिए तैयार रहने पर जोर दिया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को तैयार रखा गया है। यदि कोई असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने या शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फोटो कैप्शन: पुलिस लाइन कैथल में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान उपद्रवी भीड़ से निपटने का अभ्यास करते पुलिस कर्मचारी।