कैथल, 5 अक्टूबर 2026। कैथल जिले में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस ने अलग-अलग 12 मामलों में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 190 लीटर लाहण तथा 230.5 बोतल अवैध शराब बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी और दबिश देकर यह कार्रवाई की गई।
ढांड पुलिस ने 13 बोतल देशी शराब के साथ आरोपी पकड़ा
थाना ढांड पुलिस की टीम ने कौल से डोड कारसा जाने वाली सड़क पर छोटा रजवाहा पुल के पास नाकाबंदी की। इस दौरान डोड कारसा निवासी मदन लाल को काबू किया गया। उसके कब्जे से प्लास्टिक कट्टे में 13 बोतल देशी शराब बरामद हुई।
गुहला में मकान से 5 बोतल अवैध शराब बरामद
थाना गुहला पुलिस ने सलेमपुर गामड़ी निवासी मुख्तयार सिंह के मकान पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान प्लास्टिक कैनी से 5 बोतल नाजायज शराब बरामद की गई।
खरका डेरे से 12 बोतल अवैध शराब मिली
पुलिस चौकी रामथली की टीम ने गांव खरका में बने डेरे पर दबिश देकर डेरा बलकार सिंह खरका निवासी हरविन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 12 बोतल नाजायज शराब बरामद हुई।
कैथल में जमीन के नीचे दबाई टंकी से 190 लीटर लाहण बरामद
थाना शहर कैथल पुलिस ने डेरा बन्ता सिंह स्थित एक मकान पर दबिश दी। यहां जमीन में दबाई गई प्लास्टिक की टंकी से 190 लीटर लाहण बरामद किया गया। पुलिस ने डेरा बन्ता सिंह निवासी हरजिन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया।
कुलतारन रोड पर 84 बोतल देशी शराब के साथ आरोपी काबू
पुलिस चौकी क्योड़क, थाना सदर की टीम ने कुलतारन से कैथल जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी कर कुलतारन निवासी संजय कुमार उर्फ संजू को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 84 बोतल देशी शराब बरामद हुई।
डोहर रोड पर मोटरसाइकिल सहित आरोपी गिरफ्तार
एंटी नारकोटिक सैल कैथल की टीम ने गांव डोहर से कैथल रोड पर शिव मंदिर के पास नाकाबंदी कर सुभाष नगर कैथल निवासी मनोज कुमार को मोटरसाइकिल सहित काबू किया। उसके कब्जे से 24.75 बोतल नाजायज शराब बरामद हुई।
नौच में 13 बोतल हथकढ़ी शराब बरामद
पुलिस चौकी क्योड़क, थाना सदर की टीम ने हांसी-बुटाना नहर पुल की कच्ची पटरी पर नौच की तरफ जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी की। इस दौरान नौच निवासी तारा सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 13 बोतल हथकढ़ी शराब बरामद की गई।
मुंदड़ी में 13 बोतल देशी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
थाना पुण्डरी पुलिस ने सिरसा नहर पटड़ी के पास मुंदड़ी में दबिश देकर मुंदड़ी निवासी बंसीलाल को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 13 बोतल देशी शराब बरामद हुई।
पुण्डरी में दुकान से 13.75 बोतल शराब बरामद
पुलिस चौकी पुण्डरी की टीम ने नई अनाज मंडी पुण्डरी के गेट के पास स्थित एक दुकान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान सैनी मोहल्ला पुण्डरी निवासी नरेन्द्र को गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से 13.75 बोतल देशी शराब बरामद हुई।
किच्छाना में दुकान से 15 बोतल शराब बरामद
थाना राजौंद पुलिस ने गांव किच्छाना में एक दुकान पर दबिश देकर किच्छाना निवासी गंगा राम को काबू किया। उसके कब्जे से 15 बोतल शराब बरामद की गई।
किठाना-थुआ रोड पर 13 बोतल देशी शराब बरामद
पुलिस चौकी किठाना की टीम ने किठाना से थुआ रोड पर नाकाबंदी कर किठाना निवासी विजेन्द्र को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 13 बोतल देशी शराब बरामद हुई।
चन्दाना में स्कूटी से 24 बोतल देशी शराब बरामद
थाना तितरम पुलिस ने गांव चन्दाना नहर पुल पर नाकाबंदी के दौरान चन्दाना निवासी अमित कुमार को बिना नंबर की स्कूटी सहित काबू किया। स्कूटी की तलाशी लेने पर दो पेटियों में कुल 24 बोतल देशी शराब बरामद हुई।
सभी आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सभी 12 मामलों में संबंधित थानों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस द्वारा सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
कैथल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply