कैथल, 2 अगस्त। जिला पुलिस ने एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग 8 मामलों में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन कार्रवाइयों में कुल 80 बोतल अवैध देसी शराब तथा 700 लीटर लाहन बरामद किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पहली कार्रवाई में सीआईए गुहला की टीम ने अंबा कॉलोनी, चीका स्थित एक किराना दुकान पर छापेमारी कर आरोपी रामसिंह को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 14 बोतल अवैध देसी शराब बरामद हुई।
दूसरे मामले में सीआईए गुहला ने गांव सलेमपुर में एक किराना दुकान पर दबिश देकर आरोपी बिरजलाल को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान दुकान से 15 बोतल देसी शराब बरामद हुई।
तीसरे मामले में पुलिस चौकी महमूदपुर की टीम ने गांव शादीपुर के पास नाकाबंदी के दौरान आरोपी अग्रेज सिंह को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 6 बोतल अवैध हथकड़ी शराब बरामद हुई।
चौथी कार्रवाई थाना शहर कैथल पुलिस ने पाडला बाईपास स्थित श्मशान घाट मार्ग पर की, जहां आरोपी सुभाष चंद के कब्जे से 13 बोतल देसी शराब बरामद की गई।
पांचवें मामले में थाना सदर कैथल पुलिस ने गांव क्योड़क स्थित एक खेत में बने ट्यूबवेल के कोठे पर छापेमारी कर आरोपी संजीव को गिरफ्तार किया। वहां से 300 लीटर तैयार लाहन बरामद हुआ।
छठे मामले में पुलिस चौकी क्योड़क की टीम ने गांव क्योड़क के एक पशु बाड़े में दबिश देकर आरोपी प्रवीण कुमार को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से 200 लीटर लाहन बरामद किया।
सातवीं कार्रवाई थाना कलायत पुलिस ने गांव बालू में की, जहां आरोपी रामफल के कब्जे से 200 लीटर लाहन बरामद हुआ।
आठवें मामले में थाना कलायत पुलिस ने गांव बाता स्थित एक किराना दुकान पर छापेमारी कर आरोपी प्रवत सिंह को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 28 बोतल माल्टा क्लब और 4 बोतल हीर सौंफी सहित कुल 32 बोतल अवैध देसी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध शराब से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।



Leave a Reply