“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में विदेश भेजने के नाम पर 13 लाख की ठगी, एंटी एमिग्रेशन सैल ने आरोपी को किया गिरफ्तार

कैथल, 3 अक्टूबर। विदेश भेजने और विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर 13 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में कैथल पुलिस की एंटी एमिग्रेशन सैल ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव डाचर, जिला करनाल निवासी रणजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर मामले में व्यापक पूछताछ के लिए 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, मामले की जांच एंटी एमिग्रेशन सैल के एएसआई सुरेंद्र सिंह की टीम द्वारा की जा रही थी। गांव पाई निवासी राजेश कुमार ने शिकायत में आरोप लगाया था कि उसका बेटा गौरव विदेश जाना चाहता था। इसी दौरान रिश्तेदार के माध्यम से उसकी मुलाकात रणजीत सिंह से हुई।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने गौरव को जर्मनी भेजने और वहां नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। आरोपी की बातों पर विश्वास करते हुए शिकायतकर्ता ने उसे 10 लाख रुपये नकद दे दिए। इसके बाद आरोपी ने फरवरी 2024 में गौरव को कथित तौर पर फर्जी वीजा के माध्यम से विदेश भेज दिया।

शिकायत के अनुसार, विदेश पहुंचने के बाद गौरव को एक अनजान जंगलनुमा स्थान पर छोड़ दिया गया। वहां उचित व्यवस्था और सुरक्षा नहीं होने के कारण उसे काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बेटे को वापस भारत बुलाने के लिए आरोपी ने शिकायतकर्ता से 3 लाख रुपये और मांगे। शिकायतकर्ता ने यह रकम नकद देने के साथ आरोपी के कहने पर कुछ राशि Google Pay के माध्यम से भी भेजी।

करीब 25 दिन बाद गौरव भारत वापस लौट आया। इसके बाद आरोपी ने दोबारा भरोसा दिलाया कि वह उसे सही तरीके से विदेश भेज देगा, लेकिन शिकायत के अनुसार न तो पैसे वापस किए गए और न ही गौरव को दोबारा विदेश भेजा गया।

पैसे वापस मांगने पर मामला पंचायत तक पहुंचा। शिकायतकर्ता के अनुसार पंचायत में आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार की। पंचायती तौर पर गांव डाचर निवासी राजू ने आरोपी की रकम लौटाने की जिम्मेदारी ली। इसके बाद आरोपी ने पैसे वापस करने के लिए दो चेक दिए। इनमें एक चेक 5.95 लाख रुपये और दूसरा 5 लाख रुपये का था।

शिकायतकर्ता द्वारा दोनों चेक बैंक में जमा कराने पर आरोपी के खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण उनका भुगतान नहीं हो सका। बाद में आरोपी ने फरवरी 2025 में पैसे लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन रकम वापस नहीं की गई।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जब उसने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद मामले में थाना पूंडरी में केस दर्ज किया गया।

अब एंटी एमिग्रेशन सैल ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रणजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से मामले में आगे की पूछताछ के लिए 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान धोखाधड़ी से जुड़े अन्य तथ्यों और पैसों के लेनदेन के संबंध में पूछताछ की जाएगी।

फोटो कैप्शन: पुलिस गिरफ्त में आरोपी रणजीत सिंह।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *