“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में साइबर जागरूकता माह के तहत पुलिस ने किया जागरूक, ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए तरीके

संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी साझा करने से बचें; साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर करें शिकायत

कैथल, 13 अक्टूबर। अक्टूबर माह को साइबर जागरूकता माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कैथल पुलिस द्वारा आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। थाना साइबर क्राइम प्रभारी इंस्पेक्टर साहिल की अगुवाई में पुलिस टीम ने थाना सिविल लाइन में लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाव और साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जागरूकता कार्यक्रम के दौरान आमजन को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, नकली कस्टमर केयर नंबर और संदिग्ध लिंक के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी के बारे में विस्तार से समझाया गया। पुलिस टीम ने लोगों को सोशल मीडिया अकाउंट सुरक्षित रखने, मजबूत पासवर्ड बनाने और किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा नहीं करने की सलाह दी।

संदिग्ध लिंक और फर्जी कॉल से रहें सावधान

पुलिस ने लोगों को सचेत किया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें। ऑनलाइन सहायता के लिए कस्टमर केयर नंबर खोजते समय भी सावधानी बरतें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त संपर्क नंबरों का ही इस्तेमाल करें। सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें कॉल

कार्यक्रम के दौरान लोगों को साइबर अपराध की शिकायत दर्ज करवाने के लिए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और आधिकारिक साइबर क्राइम पोर्टल की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने अपील की कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है, तो बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें और उपलब्ध साक्ष्यों के साथ शिकायत दर्ज करवाएं।

कैथल पुलिस ने आमजन से साइबर सुरक्षा संबंधी सावधानियां अपनाने, ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहने और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनने की अपील की।

फोटो: 5, 6 संलग्न।