“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में राष्ट्रीय मतदाता दिवस-2027 के तहत निबंध प्रतियोगिता, युवाओं की भागीदारी को बताया लोकतंत्र की ताकत


कैथल, 5 अक्टूबर। जिला निर्वाचन कार्यालय के निर्देशानुसार इंदिरा गांधी (पी.जी.) महिला महाविद्यालय, कैथल में राष्ट्रीय मतदाता दिवस-2027 के उपलक्ष्य में निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “Youth Participation: The Key to a Vibrant Democracy” रखा गया। इसमें विभिन्न महाविद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं ने हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा में 500 से 700 शब्दों में अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के प्रधान श्री राम बहादुर खुरानिया ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा देश की शक्ति हैं। जागरूक और जिम्मेदार युवा ही मजबूत एवं सशक्त लोकतंत्र का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने छात्राओं से मतदान के प्रति स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं में मतदान और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है।
सांयकालीन सत्र की प्राचार्या प्रभारी श्रीमती श्वेता तंवर ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्राओं को जिम्मेदार, जागरूक और सक्रिय नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में इलेक्ट्रोल क्लब की इंचार्ज श्रीमती सीमा गोयल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता में छात्राओं ने युवा शक्ति, मतदान की भूमिका और लोकतंत्र में युवाओं की जिम्मेदारी जैसे विषयों पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए।
मनजीत ने हासिल किया प्रथम स्थान
निबंध लेखन प्रतियोगिता में इंदिरा गांधी (पी.जी.) महिला महाविद्यालय, कैथल की बीए तृतीय वर्ष की छात्रा मनजीत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। चौधरी ईश्वर सिंह कन्या महाविद्यालय, फतेहपुर की बीए प्रथम वर्ष की छात्रा रीति ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं चौधरी ईश्वर सिंह कन्या महाविद्यालय, ढांड की छात्रा आंचल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के विजेता छात्राओं को 25 जनवरी 2027 को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
युवा मतदाता जागरूकता पर रहेगा जोर
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के आयोजन का उद्देश्य युवाओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ना और उन्हें अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करना है। निबंध प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतंत्र में उनकी भूमिका समझने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में आगे आने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *