“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में पुलिस मुठभेड़ के बाद चोरी-छिनाझपटी का आरोपी काबू, 32 बोर अवैध हथियार बरामद


कैथल, 5 अक्टूबर 2026। कैथल जिला पुलिस की ओर से अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने गुहला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए चोरी और छिनाझपटी के कई मामलों में वांछित आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद काबू किया है। आरोपी की पहचान कृपाल उर्फ बल्लू निवासी अलीपुर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 बोर का अवैध हथियार, तीन खाली खोल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस को देखकर जंगल की ओर भागा आरोपी
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एआई मुकेश के नेतृत्व में एएसआई अजीत सिंह, एएसआई राममेहर, एएसआई अशोक, एएसआई संदीप और सिपाही सरवन कुमार की टीम सरकारी वाहन से थाना गुहला क्षेत्र में गश्त कर रही थी।
इसी दौरान गांव बाबकपुर के पास पुलिस टीम को सूचना मिली कि कृपाल उर्फ बल्लू बुबकपुर से रत्ताखेड़ा जाने वाली सड़क के पास जंगल में बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर अवैध हथियार के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रेडिंग पार्टी तैयार की और सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मचारियों ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन ली। टीम जब मौके पर पहुंची तो एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर जंगल की तरफ भागने लगा।
आरोपी ने पुलिस टीम पर की फायरिंग
पुलिस कर्मचारियों ने आरोपी को रुकने के लिए आवाज लगाई, लेकिन पुलिस के अनुसार आरोपी ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी की गोली एएसआई अजीत सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के घुटने में गोली लगी और उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की ओर से चार फायर किए गए, जबकि पुलिस की ओर से भी चार फायर किए गए।
घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी गुहला ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसे सरकारी अस्पताल कैथल रेफर कर दिया।
आरोपी पर चोरी और छिनाझपटी के करीब 5 मामले
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ चोरी और छिनाझपटी के करीब पांच मामले दर्ज हैं। इनमें चार मामले कैथल जिले और एक मामला पंजाब से संबंधित बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, 4 मई 2026 को चीका में बाइक चोरी के मामले में भी आरोपी की गिरफ्तारी लंबित थी। इस संबंध में चीका निवासी राजू की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था।
इसके अलावा आरोपी पर चीका में एक वृद्ध महिला से पैसे छीनने की वारदात को अंजाम देने का भी आरोप है। पुलिस के मुताबिक आरोपी चीका के दो मामलों में अदालत से गैरहाजिर चल रहा था, जिसके संबंध में उसके खिलाफ पीओ की कार्रवाई शुरू की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *