कैथल, 4 अक्टूबर। साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से अक्टूबर माह को साइबर जागरूकता माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में कैथल के जवाहर पार्क में जिला पुलिस की ओर से “पुलिस की पाठशाला” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना साइबर क्राइम प्रभारी इंस्पेक्टर साहिल और एएसआई विनोद कुमार की टीम ने पार्क में मौजूद लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी।
पुलिस टीम ने आमजन को बताया कि साइबर ठग लगातार ऑनलाइन धोखाधड़ी के नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचना जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फेक कस्टमर केयर नंबर और संदिग्ध लिंक के जरिए होने वाले साइबर फ्रॉड के बारे में विस्तार से समझाया गया।
OTP और पासवर्ड की सुरक्षा जरूरी
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सलाह दी कि किसी भी परिस्थिति में अपना OTP, बैंकिंग पासवर्ड, PIN या अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। सोशल मीडिया अकाउंट को सुरक्षित रखने के लिए मजबूत पासवर्ड इस्तेमाल करने और संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की भी अपील की गई।
इसके अलावा लोगों को सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा, संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की पहचान और साइबर अपराध होने की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के बारे में भी जानकारी दी गई।
साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
पुलिस टीम ने आमजन को 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवानी चाहिए। इसके साथ ही साइबर अपराध से संबंधित शिकायत साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से दर्ज करवाने की प्रक्रिया के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया।
पुलिस ने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज, लिंक या ऑनलाइन ऑफर पर तुरंत भरोसा न करें और साइबर अपराध की आशंका होने पर इसकी सूचना पुलिस को दें।
आमजन ने पुलिस के अभियान की सराहना की
जवाहर पार्क में आयोजित “पुलिस की पाठशाला” कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान की सराहना की। आमजन ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से लोगों को साइबर अपराधों के नए तरीकों की जानकारी मिलती है और ऑनलाइन ठगी से बचने के प्रति सतर्कता बढ़ती है।
कैथल पुलिस ने लोगों से अपील की कि सतर्क रहें, अपनी निजी और बैंकिंग जानकारी सुरक्षित रखें तथा साइबर अपराध होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें।


Leave a Reply