कैथल, 5 अक्टूबर। कैथल जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेश पर जिला पुलिस द्वारा जहां आमजन को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है, वहीं नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना सदर कैथल पुलिस ने गांव खुराना से एक कथित नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5 किलो 170 ग्राम गांजा फूल पत्ती बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, थाना सदर प्रभारी एसआई कुलदीप सिंह की अगुवाई में एसआई जसबीर सिंह की पुलिस टीम गश्त के दौरान खुराना रोड पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सहयोगी सूत्र से सूचना मिली कि गांव खुराना निवासी रमेश अपनी टाटा ईवी कार नंबर DL52GD-3719 में गांजा फूल पत्ती लेकर खुराना से कैथल की ओर आ रहा है और आसपास के ग्राहकों को इसकी बिक्री करता है।
सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम ने खुराना रोड पर नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद गांव खुराना की तरफ से संदिग्ध कार आती दिखाई दी। पुलिस पार्टी को देखकर चालक ने कार वापस मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उसे गाड़ी सहित काबू कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान गांव खुराना निवासी रमेश के रूप में हुई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे ईटीओ ईश्वर चहल की मौजूदगी में नियमानुसार गाड़ी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट से पॉलीथिन में 5 किलो 170 ग्राम गांजा फूल पत्ती बरामद हुई।
बरामदगी के संबंध में थाना सदर कैथल में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद मौके पर पहुंचे एसआई सत्यवान ने आरोपी रमेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
कैथल पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने आमजन से भी नशे से दूर रहने और नशा तस्करी से संबंधित किसी भी जानकारी को पुलिस तक पहुंचाने की अपील की है।

Leave a Reply