“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में नकदी और मोबाइल छीनने के मामले में आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद

कैथल, 18 अक्टूबर। कैथल में छीना-झपटी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए जिला पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टॉफ की टीम ने नकदी और मोबाइल फोन छीनने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1,100 रुपये की नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के पास हुई थी वारदात

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सीवन गेट कैथल निवासी धनेश ने शिकायत दी थी कि 10 अगस्त को वह अपने घर से 20 हजार रुपये लेकर अपने चाचा की दुकान पर देने के लिए पैदल जा रहा था। उसके पास सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन भी था।

शिकायत के मुताबिक, शाम करीब 4:40 बजे जब वह सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, कैथल के नजदीक पहुंचा तो बिना नंबर प्लेट वाली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक ने अचानक उसका रास्ता रोक लिया। आरोपी उसकी जेब से 20 हजार रुपये की नकदी और हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया।

इस मामले में थाना शहर कैथल में केस दर्ज किया गया था।

एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टॉफ ने आरोपी को पकड़ा

मामले की जांच एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टॉफ के प्रभारी एसआई मुकेश की अगुवाई में एएसआई संदीप कुमार ने की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सौरभ निवासी मिया बस्ती, चीका को काबू कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1,100 रुपये और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। आरोपी को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

फोटो कैप्शन: कैथल में नकदी और मोबाइल छीनने के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस गिरफ्त में।

कैथल हरित | Kaithal Crime News