कैथल, 1 अक्टूबर। राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) महानिदेशालय के विशेष दिशा-निर्देशों के तहत गुरुवार को राष्ट्रव्यापी ‘एक घंटा, एक साथ’ स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। जाट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कैथल के NCC कैडेट्स, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान की शुरुआत सुबह 8 बजे विद्यालय परिसर में स्वच्छता शपथ के साथ हुई। NCC कैडेट्स और विद्यार्थियों ने शिक्षकों तथा NCC एएनओ की मौजूदगी में स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और आसपास के वातावरण को साफ रखने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने लोगों को भी स्वच्छता अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली।
महाराजा सूरजमल स्टेडियम में किया श्रमदान
शपथ ग्रहण के बाद NCC कैडेट्स निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार महाराजा सूरजमल जाट स्टेडियम पहुंचे। सुबह 8 से 9 बजे तक चले ‘एक घंटा, एक साथ’ श्रमदान अभियान के दौरान कैडेट्स ने स्टेडियम परिसर, खेल मैदान, दर्शक दीर्घा और आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया।
कैडेट्स ने अभियान के दौरान सूखा एवं गीला कचरा, प्लास्टिक की बोतलें और पॉलीथिन एकत्रित किए तथा उनका उचित निस्तारण किया। करीब 70 NCC कैडेट्स ने अनुशासन और सेवा भावना के साथ अभियान में भाग लिया।
अभियान में एएनओ मुनीश नैन, PTI रामेहर और सुरेंद्र नैन ने भी कैडेट्स के साथ श्रमदान किया और उनका मार्गदर्शन किया।
स्वच्छता को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री नरेश कुमार ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। इस प्रकार के अभियानों से विद्यार्थियों में नागरिक कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
जाट हाई स्कूल सोसाइटी के प्रधान राजकुमार बेनीवाल ने कहा कि सफाई केवल एक कार्य नहीं, बल्कि हमारे संस्कारों का हिस्सा है। युवाओं और विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ने से स्वस्थ और समृद्ध समाज के निर्माण में मदद मिलेगी।
NCC एएनओ मुनीश नैन ने कहा कि ऐसे अभियानों से युवाओं में राष्ट्र सेवा, स्वच्छता और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि NCC कैडेट्स भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में सक्रिय भागीदारी करते रहेंगे।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर उपप्रधान बलजिंदर बनवाला, महासचिव एडवोकेट रश्मि सिंह ढुल, कोषाध्यक्ष बलकार नैन, कार्यकारिणी सदस्य डॉ. सत्यवान माजरा, दलवीर कैरो, महावीर राविश, राजपाल गुहना, सन्नी चौशाला, महावीर कुंडू, विक्रम सोंगल, कुलदीप सिंह, रजत रापड़िया, स्वतंत्र पाल सिंह और जसवीर मानस सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Leave a Reply