“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में Instagram पर विदेश भेजने का झांसा देकर 1.01 लाख की ठगी, 3 आरोपी गिरफ्तार


कैथल, 6 अक्टूबर 2026। कैथल पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत Instagram पर विदेश भेजने का झांसा देकर करीब 1.01 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीवन निवासी अश्वनी कुमार ने थाना साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 25 अगस्त को उसे Instagram पर विदेश भेजने से संबंधित एक विज्ञापन दिखाई दिया था। विज्ञापन में A to Z Service और एक मोबाइल नंबर दिया गया था।
इंग्लैंड भेजने के नाम पर मांगे 1.82 लाख रुपये
शिकायतकर्ता ने विदेश जाने की इच्छा के चलते विज्ञापन में दिए गए नंबर पर WhatsApp के माध्यम से संपर्क किया। सामने वाले व्यक्ति ने उसे इंग्लैंड भेजने के लिए 1400 पाउंड यानी करीब 1.82 लाख रुपये खर्च होने की बात कही और पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने अपने बेटे का मोबाइल नंबर आरोपी को दे दिया। आरोपी ने उसके बेटे के मोबाइल पर एक स्कैनर भेजा। शिकायतकर्ता ने उक्त स्कैनर के माध्यम से Google Pay से अपने बैंक खाते से 71 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके अलावा उसकी पत्नी के बैंक खाते से भी उसी स्कैनर पर 30 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए।
इस तरह आरोपियों ने कुल 1,01,000 रुपये की साइबर ठगी की।
पैसे मिलते ही आरोपी ने फोन उठाना किया बंद
रुपये प्राप्त करने के बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता का फोन उठाना बंद कर दिया। बाद में उसका मोबाइल नंबर भी बंद मिला। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस को मामले की जानकारी दी, जिस पर थाना साइबर क्राइम कैथल में मामला दर्ज किया गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार
थाना साइबर क्राइम प्रभारी इंस्पेक्टर साहिल कुमार की अगुवाई में एएसआई नरेश कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित राज, विवेक कुमार और नीरज कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुमित राज ने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया था। वहीं आरोपी विवेक कुमार और नीरज कुमार कमीशन पर बैंक खाते लेकर उन्हें आगे साइबर ठगों को उपलब्ध करवाते थे।
एक आरोपी न्यायिक हिरासत में, दो पुलिस रिमांड पर
पुलिस ने आरोपी सुमित राज को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं विवेक कुमार और नीरज कुमार से मामले में व्यापक पूछताछ तथा साइबर ठगी से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी हासिल करने के लिए 2 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।
कैथल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विदेश भेजने, नौकरी दिलाने या अन्य आकर्षक ऑफर के नाम पर आने वाले विज्ञापनों पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें और किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए QR कोड या स्कैनर के माध्यम से पैसे ट्रांसफर करने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *