कैथल, 5 अक्टूबर 2026। जिला पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत CIA कलायत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने गांव बाता में बिना लाइसेंस और परमिट के विस्फोटक पदार्थ से पटाखे तैयार करने वाली अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए 2 आरोपियों को काबू किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 134 पेटियां अवैध पटाखे बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार की गई। CIA कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार ने बताया कि PSI मंजीत कुमार की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांव बाता में एक छोटा हाथी वाहन HR64B6845 में अवैध पटाखों की पेटियां लोड कर उन्हें बिक्री के लिए बाहर ले जाने की तैयारी की जा रही है।
नाकाबंदी कर छोटा हाथी वाहन को रोका
सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम ने गांव बाता में फ्लाईओवर के नीचे बने अंडरब्रिज से तितरम की ओर जाने वाले रास्ते पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाता के गेट के सामने नाकाबंदी की। कुछ समय बाद गांव बाता की ओर से छोटा हाथी वाहन आता दिखाई दिया।
पुलिस ने वाहन को रुकवाकर ड्राइवर सीट पर बैठे गांव बाता निवासी अंकित और कंडक्टर सीट पर बैठे सोमपाल को काबू कर लिया। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को 84 पेटियां अवैध पटाखे बरामद हुईं।
पटाखों का लाइसेंस और परमिट नहीं दिखा सके आरोपी
पुलिस द्वारा आरोपियों से पटाखों के संबंध में लाइसेंस और परमिट मांगा गया, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने फायर ब्रिगेड अधिकारियों को मौके पर बुलाया। अधिकारियों द्वारा पटाखों की जांच किए जाने पर पेटियों में विस्फोटक पदार्थ होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज किया गया और उनसे पूछताछ शुरू की गई।
पूछताछ में अवैध पटाखा फैक्ट्री का खुलासा
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने गांव बाता में अवैध रूप से पटाखे बनाने की फैक्ट्री लगा रखी है, जहां पटाखे तैयार किए जाते हैं। आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने गांव बाता में संबंधित स्थान पर दबिश दी।
फैक्ट्री परिसर में खड़ी एक गाड़ी से 50 पेटियां और अवैध पटाखे बरामद किए गए। इस तरह पुलिस कार्रवाई में कुल 134 पेटियां पटाखे बरामद हुईं।
इसके अलावा पुलिस ने मौके से पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा सामान और पैकिंग सामग्री भी भारी मात्रा में बरामद की है।


Leave a Reply